:
Breaking News

लखीसराय में जीविका दीदियों का नशामुक्ति अभियान—जन-जागरूकता की नई मिसाल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय। बुधवार को जिले के सभी प्रखंडों में जीविका से जुड़ी सामुदायिक संगठनों ने नशामुक्ति दिवस पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। जीविका दीदियों ने शराब और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ सामूहिक शपथ लेते हुए संकल्प दोहराया कि वे न तो स्वयं नशा करेंगी और न ही किसी को नशे की ओर बढ़ने देंगी। संविधान दिवस के अवसर पर प्रस्तावना का सामूहिक पाठ भी किया गया।

कार्यक्रम में दीदियों ने स्पष्ट कहा“नशा मुक्त बिहार ही खुशहाल बिहार की बुनियाद है।”
प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी राज्य सरकार के निर्देश पर 26 नवंबर को नशामुक्ति दिवस मनाया गया। जीविका दीदियों की पहल पर ही बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू हुई थी, इसलिए यह दिन उनके संकल्प और सामाजिक चेतना का प्रतीक बन चुका है।

सुबह-सुबह प्रखंडों में प्रभात फेरी निकालकर दीदियों ने ग्रामीणों से नशा छोड़ने की अपील की। इसके बाद विशेष बैठकों का आयोजन हुआ, जिसमें शराब के सेवन, बिक्री और निर्माण के खिलाफ सामूहिक प्रतिरोध दर्ज करने का निर्णय लिया गया। रैली के दौरान दीदियों ने नारे लगाए—
“नशा मुक्त हो अपना बिहार”,
“शराब ने उजाड़े घर-परिवार, अब जागेगा बिहार”
और
“नशा छोड़ेगा बिहार—तभी बनेगा सुखी-समृद्ध बिहार।”

दीदियों ने अपने हाथों पर नशामुक्ति से जुड़े स्लोगन की मेहंदी भी रची, जिससे संदेश को रचनात्मक तरीके से जन-जन तक पहुँचाया जा सके।

समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में दीदियों ने माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लाइव संबोधन को भी सुना, जिसमें उन्होंने नशा-मुक्त समाज बनाने पर बल दिया। उनका यह संदेश जिले के सभी सामुदायिक संगठनों में भी स्क्रीनिंग के माध्यम से दिखाया गया।

विशेष कार्यक्रम 17 संकुल स्तरीय संघों में आयोजित हुए, जहाँ उन महिलाओं को सम्मानित रूप से आमंत्रित किया गया जिन्होंने देशी शराब और ताड़ी उत्पादन जैसे कार्यों को छोड़कर अब जीविका की सतत आय योजनाओं से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जी रही हैं। इन महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और शराबबंदी के समर्थन में आवाज बुलंद की।

जिला परियोजना प्रबंधक अनीता कुमारी के नेतृत्व में जिला परियोजना समन्वयन इकाई और सभी प्रखंड परियोजना क्रियान्वयन इकाइयों में भी कर्मचारियों व कैडरों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को रोकने का संकल्प लिया।

लखीसराय में जीविका दीदियों का यह सामूहिक अभियान अब एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है“नशा मुक्ति का अभियान बने जन-जन की पहचान” इसी संदेश के साथ बुधवार को पूरा जिला एक स्वर में जागरूकता का उदाहरण पेश करता नजर आया।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *