:
Breaking News

लखीसराय का लाल आदित्य शिवम नेशनल स्कूल गेम्स के लिए रवाना, ताइक्वांडो में चमकने को तैयार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय।ड्रीम्स ऑफ माइंड ताइक्वांडो अकादमी के उभरते सितारे आदित्य शिवम 69वीं नेशनल स्कूल गेम्स ताइक्वांडो चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए बिहार टीम के साथ अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर रवाना हो गए। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 25 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के बेहतरीन खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

7 साल की मेहनत, स्वर्ण पदक की चमक और नेशनल का मौका

आदित्य शिवम पिछले सात वर्षों से कठोर प्रशिक्षण ले रहे हैं और लगातार शानदार प्रदर्शन करते आए हैं। हाल ही में शेखपुरा में आयोजित राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी क्षमता का लोहा मनवाया और इसी उपलब्धि ने उन्हें नेशनल के लिए क्वालिफाई कराया।

बिहार की उम्मीद—अंडर-17 और अंडर-45 किलोग्राम वर्ग में मुकाबला

आदित्य अंडर-17 आयु वर्ग और अंडर-45 किलोग्राम भार वर्ग में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके कोच बादल गुप्ता ने भरोसा जताया कि आदित्य अपनी तकनीक, फिटनेस और जज़्बे के दम पर नेशनल स्तर पर शानदार प्रदर्शन करेंगे और बिहार का तिरंगा ऊँचा करेंगे।

परिवार और जिले में खुशी का माहौल

आदित्य के पिता कुमार भरत ने बेटे की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह न केवल परिवार, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आदित्य अपनी मेहनत से एक बार फिर लखीसराय का नाम रोशन करेंगे।

DSO ने दी शुभकामनाएँ, खिलाड़ियों को दिया संदेश

लखीसराय के जिला खेल पदाधिकारी रवि कुमार ने आदित्य को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि युवा खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और निरंतरता ही सफलता की ओर ले जाती है। आदित्य का चयन जिले के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।

नेशनल स्कूल गेम्स के लिए आदित्य शिवम का चयन लखीसराय के लिए गर्व का नया अध्याय है और इससे जिले भर में उत्साह का संचार हुआ है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *