:
Breaking News

विश्व एड्स दिवस पर लखीसराय में जागरूकता कार्यशाला, डीएम ने जागरूकता को बताया सबसे बड़ा संरक्षण

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय।महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वाधान में जेंडर आधारित हिंसा के विरुद्ध चल रहे 16-दिवसीय अभियान के तहत मंगलवार को विश्व एड्स दिवस पर जिला परिषद सभागार में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, मिशन शक्ति की नोडल पदाधिकारी बंदना पांडेय, जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, तथा डीएपीसीयू के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अरविंद कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों का स्वागत पौधा भेंटकर किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीएम मिथिलेश मिश्र ने एचआईवी/एड्स की रोकथाम, सुरक्षित व्यवहार और जागरूकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि एड्स का पूर्ण उपचार भले संभव न हो, लेकिन जागरूकता और सावधानी से संक्रमण को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने जोखिम वाले समूहों में जागरूकता अभियान तेज करने और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। डीएम ने आगामी फिल्म फेस्टिवल एवं युवा महोत्सव की तैयारियों की भी जानकारी दी।

उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए एचआईवी संक्रमण की उत्पत्ति, इसके प्रसार के मार्ग तथा जांच प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने एलिसा टेस्ट, आईसीटीसी, एआरटी और डॉट्स योजना के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

डीएपीसीयू के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अरविंद कुमार राय ने एचआईवी संक्रमण के लक्षण, भ्रांतियों और बचाव उपायों पर चर्चा की। साथ ही बिहार शताब्दी एड्स पीड़ित कल्याण योजना और परवरिश योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने हेल्पलाइन 1097 और NACO ऐप का उपयोग करने की सलाह दी।

आईसीटीसी परामर्शी ने एचआईवी और एड्स के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए आम मिथकों पर प्रकाश डाला। जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना की जानकारी साझा की। मिशन शक्ति हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने विभागीय योजनाओं के बारे में प्रतिभागियों को अवगत कराया।

कार्यक्रम के अंत में डीएम ने सभी उपस्थित लोगों को बाल विवाह निषेध को लेकर शपथ दिलाई। धन्यवाद ज्ञापन मिशन शक्ति की नोडल पदाधिकारी बंदना पांडेय ने किया।कार्यक्रम में जिला समन्वयक कन्हैया कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, किस्मत कुमारी, कार्यालय कर्मी नवींद्र दास, गौतम रविदास सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *