:
Breaking News

लखीसराय में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक, डीएम ने दिए पारदर्शी खाद्यान्न वितरण के कड़े निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समाहरणालय लखीसराय के मंत्रणा कक्ष में आज जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सुचारु एवं लाभार्थी–केंद्रित बनाने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाएँ तभी प्रभावी होंगी, जब वे समय पर और सही तरीके से लाभार्थियों तक पहुँचें। इसी उद्देश्य से खाद्यान्न वितरण, E-KYC, आधार सीडिंग, पीडीएस डीलरशिप वैकेंसी, नए राशन कार्ड निर्माण (प्रपत्र-‘क’) तथा मौजूदा राशन कार्ड में संशोधन (प्रपत्र-‘ख’) की स्थिति पर अधिकारियों द्वारा विस्तृत प्रस्तुति दी गई।

डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करें, ताकि किसी भी लाभार्थी को असुविधा न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले के सभी होटल, दुकानों एवं रेस्टोरेंट में कमर्शियल गैस सिलेंडर का प्रयोग अनिवार्य होगा। इस पर सख़्त निगरानी रखने और नियम उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

E-KYC एवं आधार सीडिंग के महत्व पर बल देते हुए डीएम ने कहा कि जिन परिवारों का KYC पूर्ण नहीं है, उन्हें तत्काल अद्यतन कराना आवश्यक है, अन्यथा लाभार्थी खाद्यान्न से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई पीडीएस डीलर बिना KYC अपडेट वाले उपभोक्ताओं को राशन देता पाया गया, तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

जनहित को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने नए राशन कार्ड हेतु विशेष आवेदन शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन शिविरों के माध्यम से पात्र गरीब परिवारों को योजनाओं का लाभ तेजी और सरलता से उपलब्ध कराया जाएगा। डीएम ने कहा कि “कोई भी पात्र परिवार वंचित न रहे—यह सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।”

बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री राहुल कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमती वंदना पाण्डेय, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुश्री पम्मी रानी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *