:
Breaking News

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत का समस्तीपुर दौरा, ताजपुर–बख्तियारपुर फोरलेन निर्माण में तेजी के सख्त निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

अमरदीप नारायण प्रसाद समस्तीपुर

समस्तीपुर, 4 दिसम्बर—बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत आज समस्तीपुर जिले के ताजपुर–बख्तियारपुर फोरलेन परियोजना के निरीक्षण के लिए पहुंचे। लंबे समय से सुस्ती और देरी का प्रतीक बनी यह परियोजना आज प्रशासनिक स्तर पर सबसे सख्त समीक्षा से गुज़री।

मुख्य सचिव ने मौके पर मौजूद सभी वरीय पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की और निर्माण कार्य में हो रही ढिलाई पर नाराज़गी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि फोरलेन निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या धीमी गति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सड़क बिहार के यातायात और लॉजिस्टिक नेटवर्क के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है; इसलिए कार्य की गति और गुणवत्ता दोनों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

निरीक्षण के दौरान बीएसआरडीसी के एमडी श्री शीर्षत कपिल अशोक, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अभियंता, जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक अरविन्द प्रताप सिंह, तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से आदेश दिया कि

कार्य की दिन-प्रतिदिन समीक्षा हो,

बाधाओं को तत्काल हटाया जाए,

जमीन अधिग्रहण, पेड़ कटान, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में कोई विलंब न हो।


सूत्रों के अनुसार, मुख्य सचिव ने यह भी चेतावनी दी कि देर करने वाले विभागों और एजेंसियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी तथा प्रगति रिपोर्ट सीधे मुख्य सचिव कार्यालय को भेजी जाएगी।

समस्तीपुर जिले में यह परियोजना वर्षों से लोगों की उम्मीदों का केंद्र रही है। मुख्य सचिव का यह औचक निरीक्षण जिले में विकास कार्यों को लेकर प्रशासन की गंभीरता का संकेत है। अब देखना होगा कि इस समीक्षा के बाद फोरलेन निर्माण में वह गति आती है या नहीं, जिसकी अपेक्षा जनता लंबे समय से कर रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *