:
Breaking News

Muzaffarpur News : साहेबगंज में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, JCB का शीशा टूटा, EO बाल-बाल बचे

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Alam Ki Khabar | Bihar News | Patna News | Samastipur News | मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में अतिक्रमण हटाने के दौरान प्रशासनिक टीम पर पथराव, JCB क्षतिग्रस्त, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी बाल-बाल बचे।

मुजफ्फरपुर : साहेबगंज में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान अचानक स्थिति तनावपूर्ण हो गई। केशव चौक के समीप प्रशासनिक टीम पर पथराव किए जाने से मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान सरकारी अभियान में लगी JCB मशीन क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद फिरोज बाल-बाल बच गए। सड़क से गुजर रहे कई राहगीरों को भी पत्थर लगने से चोटें आईं।


जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन और साहेबगंज नगर परिषद की संयुक्त टीम ने शहर को अतिक्रमणमुक्त कराने के उद्देश्य से अभियान शुरू किया था। इसकी शुरुआत नवलकिशोर चौक से हुई। इसके बाद टीम बस स्टैंड, ब्रजनंदन चौक, गांधी चौक, गोला रोड होते हुए केशव चौक पहुंची। अभियान के दौरान सड़क किनारे और नालों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया जा रहा था।


इसी बीच केशव चौक के पास अचानक विरोध शुरू हो गया। बताया जाता है कि फल दुकानों के पीछे स्थित विपणन केंद्र की छत से कुछ लोगों ने प्रशासनिक टीम को निशाना बनाकर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। अचानक हुए पथराव से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पत्थर लगने से JCB का शीशा और हेडलाइट टूट गई। उस समय कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद फिरोज मशीन के पास ही मौजूद थे। हालांकि, वह इस हमले में सुरक्षित बच गए।


पथराव की चपेट में सड़क से गुजर रहे आधा दर्जन से अधिक राहगीर भी आ गए। घटना के बाद मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया। अभियान में अंचलाधिकारी विश्वजीत नीलांकर, कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद फिरोज, अपर थानाध्यक्ष अशोक राम, एसआई कुणाल कुमार सहित पुलिस बल के जवान मौजूद थे।


प्रशासन की ओर से बताया गया कि अतिक्रमण हटाने से पहले दुकानदारों को एक सप्ताह का समय दिया गया था। उन्हें सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर रखे सामान को स्वयं हटाने की सूचना दी गई थी। निर्धारित समय पूरा होने के बाद ही संयुक्त अभियान शुरू किया गया।


पथराव की घटना के बाद केशव चौक से सड़क के दक्षिणी हिस्से में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई फिलहाल रोक दी गई। अंचलाधिकारी विश्वजीत नीलांकर ने बताया कि दो दिनों के बाद दोबारा अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पथराव करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


सार्वजनिक सड़कों और नालों को अतिक्रमणमुक्त कराने के अभियान के बीच हुई इस घटना ने प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *