:
Breaking News

Samastipur News : आखिरी गेंद पर मगध की रोमांचक जीत, पटना ने दरभंगा को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Alam Ki Khabar | Bihar News | Patna News | Samastipur News | समस्तीपुर के पटेल मैदान में अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन मगध ने मुंगेर को एक विकेट से हराया, जबकि पटना ने मेजबान दरभंगा को 29 रनों से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

समस्तीपुर, 27 नवंबर। Alam Ki Khabar


पटेल मैदान में चल रही राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय विद्यालय अंडर-14 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को दो मुकाबलों में रोमांच और दमदार प्रदर्शन देखने को मिला। पहले मैच में मगध प्रमंडल ने आखिरी गेंद पर एक रन बनाकर मुंगेर को एक विकेट से हराया। वहीं, दूसरे मुकाबले में पटना ने मेजबान दरभंगा को 29 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।


आखिरी गेंद पर निकला मगध की जीत का रास्ता


दिन के पहले मुकाबले में मुंगेर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में सात विकेट पर 99 रन बनाए। राजगीर भारती ने 33, फैज आलम ने 17 और यशराज ने 10 रन जोड़े।


जवाब में उतरी मगध की टीम को लक्ष्य तक पहुंचने के लिए आखिरी गेंद तक संघर्ष करना पड़ा। प्रशांत ने 32 और अंतरिक्ष राज ने 18 रनों की उपयोगी पारी खेली। अंतिम गेंद पर मगध को जीत के लिए एक रन चाहिए था। टीम ने यह रन हासिल कर नौ विकेट पर 100 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।


यशराज और कुमार रोचक के अर्धशतक, अवनीश ने बरपाया कहर


दूसरे मैच में पटना ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 133 रन बनाए। यशराज ने 51 और कुमार रोचक ने 50 रनों की पारी खेली। आयुष ने भी 22 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी।


134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दरभंगा की टीम पटना के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। अयान ने 23, कार्तिकेयन झा ने 18, एमडी सोफियान ने 15, आयुष ने 12 और कुमार प्रियांशु ने 11 रन बनाए। इसके बावजूद पूरी टीम 13.1 ओवर में 104 रनों पर सिमट गई।


पटना की जीत में अवनीश कुमार की गेंदबाजी निर्णायक रही। उन्होंने तीन ओवर में केवल 12 रन देकर चार विकेट हासिल किए।


शनिवार को सेमीफाइनल, रविवार को फाइनल


जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा के अनुसार, शनिवार को प्रतियोगिता के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में सारण और मगध प्रमंडल की टीमें भिड़ेंगी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पटना का सामना तिरहुत प्रमंडल से होगा। खिताबी मुकाबला रविवार को आयोजित किया जाएगा।


मैचों में मुजफ्फरपुर के सन्नी वर्मा, पूर्णिया के राघव ठाकुर, पटना के संजय कुमार सिंह और अविनाश शुक्ला ने अंपायर की भूमिका निभाई।


प्रतियोगिता का आयोजन खेल विभाग बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *