औरंगाबाद के बारूण थाना क्षेत्र में सोननगर टीएसएस से 3.5 करोड़ रुपये मूल्य के ट्रांसफॉर्मर ऑयल, नट-बोल्ट और महंगे पुर्जों की हुई सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। चोरी की यह घटना 23 अगस्त 2025 को सामने आई थी, जिसकी सूचना ब्लू स्टार कंपनी के एचआर अभिजीत जीवन इंगले ने लिखित आवेदन देकर थाना को दी थी। आवेदन के आधार पर बारूण थाना कांड संख्या 409/25 दर्ज करते हुए पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में FIR की कार्रवाई आरंभ की थी।
SIT और RPF की संयुक्त कार्रवाई—CCTV, तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचनाओं से चोरों की घेराबंदी
कांड के उद्भेदन के लिए गठित विशेष जांच टीम (SIT) और RPF डेहरी ने लगातार कई दिनों तक CCTV फुटेज खंगाले, तकनीकी सर्विलांस किया और गुप्त सूचनाओं का विश्लेषण किया। इसी कड़ी में 8 दिसंबर 2025 को पुलिस को बड़ी सफलता मिली जब सोननगर स्टेशन के पीछे एक पिकअप वाहन पर लदे कॉपर तार के साथ रमेश चौधरी को पकड़ा गया।पूछताछ में मिले सुराग पर पुलिस तुरंत सक्रिय हुई, और रमेश की निशानदेही पर सोननगर भंवर क्षेत्र और केशवपुर इलाके में छापेमारी कर स्कार्पियो और बोलेरो वाहनों में छिपे 14 और लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार कुल 15 अभियुक्त पुलिस के हत्थे चढ़े।
गिरफ्तार चोरों की स्वीकारोक्ति—बंगाल में बेचते थे माल, कई राज्यों में सक्रिय था गैंग
पूछताछ में सभी गिरफ्तार अभियुक्तों ने कबूल किया कि चोरी किए गए कॉपर तार और ट्रांसफॉर्मर के पुर्जों को पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले में दिल्ली–कोलकाता हाईवे स्थित ज्योति नगर, गीतांजलि होटल के पास एक कबाड़ दुकान में बेचते थे। प्राप्त रकम को गैंग के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य अभियुक्त रमेश चौधरी टार्जन गैंग के साथ सक्रिय रहा है, जो बिहार, झारखंड, समस्तीपुर, सकरी, पंडौल और आसपास के रेलवे स्टेशनों पर लगे नए ट्रांसफॉर्मर से कॉपर तार काटकर चोरी करता था।
करीब दो महीने पहले संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की बोगी से सामान लूट कर अनुग्रह स्टेशन के आगे गिराने की घटना में भी यही गैंग शामिल था।
गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची
(सभी के तार बंगाल–झारखंड से जुड़े)
1. टार्जन चौधरी
2. रमेश चौधरी
3. विश्वजीत चौधरी
4. दिनेश चौधरी
5. राजेश चौधरी
6. सूरज गुप्ता
7. अमन कुमार
8. मो. आलम मियां
9. राजन चौधरी
10. दिनेश चौधरी
11. उनिल सिंह
12. जितेंद्र झा
13. जिउत चौधरी — सभी जिला बर्धमान, पश्चिम बंगाल
14. तपस चौधरी — जिला नदिया, पश्चिम बंगाल
15. ललन चौधरी — जिला साहेबगंज, झारखंड
पुलिस ने भारी मात्रा में सामान किया बरामद
छापेमारी में SIT और RPF की टीम ने बड़ी सफलता के साथ चोरी का सामान बरामद किया—
कॉपर तार – करीब 12 क्विंटल
पिकअप वाहन – 1
स्कार्पियो – 1
बोलेरो – 1
एंड्रॉयड मोबाइल – 5 पीस
कीपैड मोबाइल – 3 पीस
जांच जारी, और भी खुलासों की संभावना
पुलिस का मानना है कि यह गैंग लंबे समय से रेलवे और उद्योगों को निशाना बना रहा था। इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है, जिसकी जांच आगे जारी है।
बारूण पुलिस, SIT और RPF की इस संयुक्त सफलता से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर पुलिस की कड़ी पकड़ का संदेश गया है।