:
Breaking News

लखीसराय में रात में चला बड़ा अभियान, अवैध बालू खनन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समाहर्ता, लखीसराय के निर्देश और खान एवं भूतत्व विभाग के मार्गदर्शन में 09 दिसंबर की रात जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई खनिज विकास पदाधिकारी, खान निरीक्षकों और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम द्वारा अनेक संवेदनशील स्थानों पर की गई।

अभियान के दौरान सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के मोकामा–मुंगेर (NH-80) मार्ग पर खनिज लदे वाहनों की जांच की गई। रामपुर–लाखोचक मुख्य मार्ग पर भी छापेमारी टीम ने वाहनों की तलाशी ली। किउल नदी के अबंदोबस्त बालूघाटों का निरीक्षण करते हुए संचालन संबंधी कागजातों का सत्यापन किया गया। इसी क्रम में तेतरहाट थाना क्षेत्र में एक वाहन को बिहार खनिज संशोधित नियमावली, 2024 के नियम 30(4) का उल्लंघन करने पर जब्त कर टी.ओ.पी., बाजार समिति में सुरक्षित रखा गया।

जिला प्रशासन के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025–26 में 09 दिसंबर तक 1350 छापेमारियां, 84 प्राथमिकी और 85 वाहन जब्ती की कार्रवाई की गई है। दंड मद के तहत 14.08 करोड़ रुपये अधिरोपित किए गए हैं, जिनमें से 85.26 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति लागू है और प्रतिदिन अभियान चलाया जा रहा है। इससे अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों में हड़कंप की स्थिति है।

समाहर्ता, लखीसराय ने निर्देश दिया है कि सभी संभावित स्थलों पर सतत निगरानी रखी जाए, गश्ती दल को और मजबूत किया जाए तथा परिवहन मार्गों पर नियमित जांच सुनिश्चित हो। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध परिवहन की सूचना तुरंत संबंधित थाना या खनन कार्यालय को दें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है और इसी तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *