:
Breaking News

बिहार में बेखौफ अपराधियों का तांडव, मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े 17 लाख की सनसनीखेज लूट

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

 अमरदीप नारायण प्रसाद समस्तीपुर

मुजफ्फरपुर।बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर किए जा रहे सरकारी दावों पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मुजफ्फरपुर जिले में बदमाशों ने सुबह-सुबह ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने पुलिस प्रशासन की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हथियारबंद अपराधियों ने माइक्रोफाइनेंस कंपनी के एक कर्मचारी से 17 लाख रुपये की नकदी लूट ली और फरार हो गए।

घटना कांटी थाना क्षेत्र के कपरपुरा न्यू बाइपास ओवरब्रिज के पास की है। जानकारी के अनुसार, स्पाइस मनी माइक्रोफाइनेंस कंपनी में कार्यरत विक्रम कुमार नकदी लेकर विभिन्न शाखाओं में जमा करने के लिए निकले थे। इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया। पिस्टल दिखाकर धमकाते हुए बदमाशों ने नकदी से भरा बैग छीना और मौके से फरार हो गए।

पीड़ित विक्रम कुमार अहियापुर थाना क्षेत्र के जमालाबाद के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि पूरी घटना कुछ ही मिनटों में हुई और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले बदमाश भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। पश्चिमी वन की एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी तुरंत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इधर, मौके पर पहुंचे कांटी के पूर्व विधायक सह मंत्री इसराइल मंसूरी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस लूटकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लूटी गई रकम की बरामदगी की जाएगी। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *