:
Breaking News

बिहार मंत्रिमंडल में विभागों का पुनर्विन्यास, तीन नए विभागों की जिम्मेदारी तय

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत व प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। हाल ही में गठित तीन नए विभागों का औपचारिक बंटवारा कर दिया गया है। मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद शनिवार को मंत्रिमंडल सचिवालय ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी।

इस पुनर्विन्यास में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अहम विभाग अपने पास रखा है। नवगठित सिविल विमानन विभाग की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री स्वयं संभालेंगे। माना जा रहा है कि इससे राज्य में हवाई संपर्क और आधारभूत संरचना को नई दिशा मिलेगी।

वहीं शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के कद में भी इजाफा हुआ है। उन्हें शिक्षा, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ नए बनाए गए उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे राज्य में उच्च और तकनीकी शिक्षा को एकीकृत नीति के तहत आगे बढ़ाने की तैयारी है।

श्रम संसाधन विभाग देख रहे मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ को भी अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। वे अब श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण के साथ-साथ नवगठित युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग का नेतृत्व करेंगे। इस विभाग के जरिए युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और उद्यमिता के अवसर देने पर विशेष फोकस रहेगा।

इसके अलावा भाजपा कोटे से मंत्री अरुण शंकर प्रसाद को पर्यटन तथा कला एवं संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि सुरेंद्र मेहता डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग का कार्यभार संभालेंगे।

मंत्रिमंडल सचिवालय के अनुसार, यह पुनर्विभाजन नए विभागों के गठन के बाद किया गया है, ताकि शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली अधिक सुचारु और परिणामोन्मुखी बन सके।

तीन नए विभागों के गठन को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वर्ष 2025 से 2030 के बीच राज्य में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए कौशल विकास, गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा और सतत निगरानी को आवश्यक बताया गया है। सरकार का मानना है कि नए विभागों के जरिए रोजगार सृजन, उद्यमिता को बढ़ावा और राज्य के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *