:
Breaking News

समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में अतिक्रमण का आरोप, गेट नंबर-1 के पास जाम से बढ़ी परेशानी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

अमरदीप नारायण प्रसाद समस्तीपुर

समस्तीपुर।जिला व्यवहार न्यायालय परिसर में अतिक्रमण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गेट नंबर-1 के पूर्वी हिस्से में अवैध रूप से दुकानों के संचालन का आरोप लगाते हुए स्थानीय अधिवक्ताओं और संबंधित लोगों ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को लिखित शिकायत सौंपी है। आवेदन में कहा गया है कि अतिक्रमण के कारण न्यायालय परिसर और आसपास का इलाका जाम की समस्या से जूझ रहा है।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, मुख्य प्रवेश द्वार के समीप कुछ लोगों ने बिना अनुमति दुकानें खोल ली हैं, जहां से कथित तौर पर किराया भी वसूला जा रहा है। इन दुकानों के सामने और आसपास मोटरसाइकिलों की अव्यवस्थित पार्किंग हो रही है, जिससे अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों, जेल वाहन और आम आगंतुकों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि न्यायालय परिसर के कुछ कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं, जिसके चलते यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। इससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि न्यायिक कार्यों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

शिकायत में अतिक्रमण हटाने, पूरे मामले की जांच कराने और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई है। न्यायालय प्रशासन ने आवेदन मिलने की पुष्टि तो की है, लेकिन फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

इधर, स्थानीय अधिवक्ता संघ ने भी इस मुद्दे पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। अब देखना होगा कि न्यायालय प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर कब और क्या कदम उठाता है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *