:
Breaking News

लखीसराय में विधानसभा चुनाव 2025 के सफल आयोजन पर डी-ब्रीफिंग सह सम्मान समारोह आयोजित

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सफल आयोजन के उपरांत शनिवार को लखीसराय में डी-ब्रीफिंग सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संग्रहालय, लखीसराय में जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों के प्रति जिला प्रशासन की ओर से आभार व्यक्त किया गया और उनके उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार एवं अन्य वरीय नोडल पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

डी-ब्रीफिंग सत्र के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विधानसभा निर्वाचन 2025 से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। चुनावी रणनीतियों, कानून-व्यवस्था की सुदृढ़ व्यवस्था, शांतिपूर्ण मतदान, मतदाता सहभागिता, तकनीकी नवाचार एवं विभागीय समन्वय जैसे विषयों पर अनुभव साझा किए गए। साथ ही भविष्य में चुनाव प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।

लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम के दौरान चर्चित फिल्म “न्यूटन” का प्रदर्शन किया गया। फिल्म के माध्यम से निष्पक्ष चुनाव, मतदान के महत्व और चुनाव कर्मियों की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रेरणा मिली।

समारोह के दौरान विधानसभा निर्वाचन 2025 में उत्कृष्ट, निष्ठापूर्ण एवं अनुकरणीय कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने कहा कि कर्मियों के समर्पण, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के कारण ही जिले में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल एवं प्रशासनिक टीम के बेहतर समन्वय की सराहना की।

कार्यक्रम में विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *