:
Breaking News

एक ही ट्रैक पर कई ट्रेनें रुकने से यात्रियों में मची अफरा-तफरी, रेल ने बताया सामान्य प्रक्रिया

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर | अमरदीप नारायण प्रसाद

बरौनी–समस्तीपुर रेलखंड पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक ही पटरी पर कम दूरी पर कई ट्रेनें एक-दूसरे के पीछे आकर रुक गईं। अटेरन चौक के समीप अचानक ट्रेनों की कतार लग जाने से यात्रियों और स्थानीय लोगों में चिंता देखी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले एक मालगाड़ी को पास कराया गया, जिसके ठीक पीछे चल रही धुरियान एक्सप्रेस को रोक दिया गया। इसके कुछ ही देर बाद अवध एक्सप्रेस, राउरकेला–जयनगर एक्सप्रेस और क्लोन एक्सप्रेस भी उसी ट्रैक पर एक के पीछे एक आकर खड़ी हो गईं। एक साथ कई ट्रेनों के रुक जाने से यात्रियों को किसी तकनीकी खराबी या आपात स्थिति की आशंका होने लगी।

हालात की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए और स्थिति को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने इसे पूरी तरह सामान्य परिचालन प्रक्रिया बताया।

रेल अधिकारियों के मुताबिक बरौनी–समस्तीपुर रेलखंड पर एंटी ब्लॉक सिग्नल (ABS) प्रणाली लागू है। इस प्रणाली के तहत ट्रेनों को अलग-अलग ब्लॉक में सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए नियंत्रित किया जाता है। मालगाड़ी के स्टेशन पर पहुंचने और ट्रैक क्लियर होने तक पीछे आने वाली ट्रेनों को नियम के अनुसार रोका गया था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ABS प्रणाली के कारण कई बार ट्रेनों को कम दूरी पर रोकना आवश्यक होता है और इसमें किसी प्रकार का खतरा नहीं होता। जरूरत पड़ने पर एक ही ट्रैक पर चार ट्रेनों तक का संचालन सुरक्षित रूप से किया जा सकता है।

वहीं यात्रियों और स्थानीय लोगों ने अटेरन चौक स्थित गुमटी को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यहां गुमटी लंबे समय तक बंद रहने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। प्लेटफॉर्म पर जगह नहीं मिलने की स्थिति में ट्रेनों को इसी क्षेत्र में रोक दिया जाता है, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *