:
Breaking News

दानापुर के रिहायशी इलाके में आग का तांडव, टेंट गोदाम जलकर खाक, लाखों का नुकसान

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना:दानापुर। शनिवार देर रात दानापुर के एक रिहायशी मोहल्ले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब महाराजा टेंट एंड इवेंट मैनेजमेंट के गोदाम से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम में रखा टेंट-पंडाल का सामान, महंगे सोफा सेट, क्रॉकरी सहित अन्य सामग्री जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।

आग इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक धुएं का काला गुबार दिखाई देने लगा। लपटें देख आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना रूपसपुर थाना क्षेत्र के रुकनपुरा विजयनगर, लेन नंबर-6 की है, जहां घनी आबादी के बीच स्थित गोदाम में आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत शॉर्ट सर्किट से हुई बताई जा रही है। बताया जाता है कि गोदाम के अंदर खड़ी एक बुलेट बाइक में अचानक आग लगी, जिसके बाद तेज धमाके के साथ बाइक फट गई। धमाके की आवाज से लोग सहम गए और उसी के बाद आग तेजी से पूरे गोदाम में फैल गई।

रिहायशी इलाके में आग लगने की खबर मिलते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कई परिवारों ने आग फैलने की आशंका से जरूरी सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश की। कुछ देर के लिए इलाके में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों के सहयोग से दमकलकर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम में रखे ज्वलनशील सामान के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाई हुई।

इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में बिना पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के संचालित गोदामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *