:
Breaking News

चुनाव ड्यूटी में बंद स्कूल में बच्चों के नाम पर चलता रहा मध्याह्न भोजन, समस्तीपुर में बड़ा खुलासा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

अमरदीप नारायण प्रसाद

समस्तीपुर।
समस्तीपुर जिले के सिंधिया प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय लगमा (उत्तर) से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ गत विधानसभा चुनाव के दौरान बंद विद्यालय में बच्चों के नाम पर मध्याह्न भोजन (MDM) चलाए जाने का गंभीर आरोप लगा है। यह विद्यालय चुनाव आयोग के आदेश पर सुरक्षा बलों के कैंप के रूप में उपयोग में था।

वरिष्ठ पत्रकार चंदन कुमार सिंह के अनुसार, चुनाव अवधि में जब विद्यालय को सुरक्षा बलों के लिए कैंप बनाया गया था, तब नियमानुसार विद्यार्थियों को किसी अन्य विद्यालय में शिफ्ट किया जाना चाहिए था। लेकिन ऐसा नहीं किया गया। नतीजतन, विद्यालय बंद रहने के बावजूद काग़ज़ों में नियमित रूप से मध्याह्न भोजन संचालन दिखाया जाता रहा।

आरोप है कि विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पंकज कुमार ने इस पूरे प्रकरण में न केवल नियमों की अनदेखी की, बल्कि उपस्थिति पंजी में छात्रों की रिकॉर्ड तोड़ उपस्थिति दर्ज कराई गई, ताकि भोजन मद में भुगतान निर्बाध रूप से होता रहे।

चौंकाने वाली बात यह है कि जहाँ एक ओर पूरे बिहार में रिकॉर्ड मतदान हो रहा था, वहीं दूसरी ओर इस विद्यालय में काग़ज़ों पर “जबरदस्त मीनू” का अनुपालन और “लज़ीज़ व्यंजन” छात्रों को परोसे जाने का दावा किया जाता रहा। इसी आधार पर विभागीय अधिकारियों द्वारा भुगतान भी कर दिया गया।

इतना ही नहीं, विद्यालय से कई किलोमीटर दूर स्थित सामग्री आपूर्तिकर्ता (सप्लायर) को भी बिना किसी देरी के भुगतान कर दिया गया, जबकि विद्यालय वास्तव में छात्रों के लिए संचालित ही नहीं हो रहा था।

सबसे गंभीर सवाल यह है कि पूरा मामला सरकारी अभिलेखों में दर्ज होने के बावजूद अब केवल “जांच के बाद कार्रवाई” की बात कही जा रही है। इससे प्रशासनिक भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

इस पूरे प्रकरण ने एक बार फिर सुशासन के दावों पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। आम लोगों के बीच यह चर्चा तेज है कि सरकार चाहे जितने भी नियम और निगरानी तंत्र बना ले, लेकिन ज़मीनी स्तर पर भ्रष्टाचार पर लगाम लगना अब भी दूर की बात प्रतीत होती है।

अब देखने वाली बात यह होगी कि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कब और कैसी कार्रवाई होती है, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *