:
Breaking News

गया जंक्शन पर RPF की बड़ी कामयाबी, ऑपरेशन ‘विलेप’ में 76 जीवित कछुए बरामद

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

गया। बिहार के गयाजी जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘विलेप’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। आरपीएफ ने स्टेशन परिसर से 76 जीवित कछुओं को बरामद कर उन्हें सुरक्षित रूप से वन विभाग के हवाले कर दिया है। यह कार्रवाई सोमवार को स्टेशन पर नियमित गश्ती और निगरानी के दौरान की गई।

आरपीएफ अधिकारियों के नेतृत्व में अपराध रोकथाम को लेकर स्टेशन परिसर में विशेष सतर्कता बरती जा रही थी। इसी क्रम में प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर खड़ी गाड़ी संख्या 12312 डाउन नेताजी एक्सप्रेस के जनरल कोच की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कोच में रखे चार पिट्ठू बैग और एक झोला लावारिस और संदिग्ध अवस्था में मिले।

जांच में खुला राज

जब इन बैगों और झोले की गहन जांच की गई तो उनमें से 76 जीवित कछुए पाए गए। मौके पर मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी इन सामानों पर अपना दावा नहीं किया। जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि बरामद कछुए वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित प्रजाति में आते हैं। इसके बाद आरपीएफ ने सभी कछुओं को सुरक्षित कब्जे में ले लिया।

वन विभाग को सौंपे गए कछुए

बरामद किए गए कछुओं को बैग सहित आरपीएफ पोस्ट गया लाया गया और तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। सूचना पर गया वन विभाग के रेंज अधिकारी के प्रतिनिधि, सहायक उप निरीक्षक वशिष्ठ नारायण, अपनी टीम के साथ आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी कछुओं को सुरक्षित अवस्था में वन विभाग को सौंप दिया गया।

लाखों की बताई जा रही कीमत

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, बरामद किए गए संरक्षित कछुओं की अनुमानित बाजार कीमत करीब 38 लाख रुपये आंकी गई है। इस पूरी कार्रवाई में आरपीएफ गया के सहायक उप निरीक्षक पवन कुमार, सहायक उप निरीक्षक मृत्युंजय कुमार अकेला, आरक्षी राकेश कुमार सिंह, शशि शेखर, देवेंद्र प्रसाद, अनिल प्रसाद समेत अन्य जवानों और सीपीडीएस टीम गया की अहम भूमिका रही।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि वह न सिर्फ रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए, बल्कि वन्यजीव संरक्षण और अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऑपरेशन ‘विलेप’ के तहत ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *