:
Breaking News

समस्तीपुर बैंक डकैती कांड में बड़ी सफलता, फरार कुख्यात अपराधी बैजनाथ कुमार गिरफ्तार, 65 ग्राम सोना बरामद

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर। नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में इसी वर्ष 7 मई को हुई चर्चित डकैती कांड में समस्तीपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले के फरार एवं वांछित कुख्यात अपराधी बैजनाथ कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से लूटे गए सोने के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।

विदित हो कि 7 मई 2025 को 6–7 अज्ञात अपराधियों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र, काशीपुर में घुसकर हथियार के बल पर बैंक कर्मियों एवं ग्राहकों को बंधक बना लिया था। अपराधियों ने बैंक से 15 लाख 2 हजार 791 रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने के आभूषण, मोबाइल फोन तथा बैंक से संबंधित महत्वपूर्ण कागजात लूट लिए थे। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 113/25 दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक अरविन्द प्रताप सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। साथ ही एसटीएफ बिहार, पटना की टीम भी लगातार अपराधियों की गिरफ्तारी एवं लूटे गए सामानों की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही थी।

इसी क्रम में कांड का फरार अपराधी बैजनाथ कुमार, पिता यदुवंश राय, निवासी उत्तरी धमौन, थाना पटोरी, जिला समस्तीपुर को उसके घर से विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मुंबई भाग गया था और 14 दिसंबर को लूटे गए आभूषण ठिकाने लगाने के उद्देश्य से घर लौटा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में डकैती कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए सोने के आभूषण बरामद किए, जिनमें मंगलसूत्र, चेन, हार, चूड़ियां एवं झुमके शामिल हैं। बरामद सोने का कुल वजन 65 ग्राम बताया गया है।

पुलिस के अनुसार बैजनाथ कुमार एक पेशेवर एवं सक्रिय अपराधी है, जिसका आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध डकैती, आर्म्स एक्ट, रंगदारी एवं उत्पाद अधिनियम सहित कई गंभीर मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि इस कांड में पूर्व में कुल 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। अब तक लूटे गए आभूषणों में से करीब 3 किलो 485 ग्राम से अधिक सोना, 2 लाख 19 हजार 200 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, बैंक से संबंधित कागजात, घटना में प्रयुक्त वाहन एवं आग्नेयास्त्र की बरामदगी की जा चुकी है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 85 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने बताया कि शेष लूटे गए सामानों की बरामदगी एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी अभियान लगातार जारी है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *