:
Breaking News

जल-जीवन-हरियाली क्विज प्रतियोगिता का आयोजन, जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 21 छात्र-छात्राएं चयनित

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित जल-जीवन-हरियाली मिशन के तहत सोमवार को लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड एवं कजरा शिक्षांचल में प्रखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन एवं सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र स्थित पब्लिक उच्च विद्यालय, सूर्यगढ़ा में आयोजित प्रतियोगिता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी परिणिता के मार्गदर्शन में तथा नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा की देखरेख में संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में सूर्यगढ़ा प्रखंड के विभिन्न उच्च विद्यालयों से कुल 81 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

वहीं कजरा शिक्षांचल के उच्च माध्यमिक विद्यालय, कजरा में आयोजित प्रखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में 75 छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही। इस प्रकार दोनों शिक्षा अंचलों से कुल 156 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी जागरूकता एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया।

क्विज प्रतियोगिता में जल-जीवन-हरियाली मिशन, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, वर्षा जल संचयन, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन एवं स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों से संबंधित 25-25 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए। परीक्षा का आयोजन ओएमआर शीट के माध्यम से किया गया, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष रही।

प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप सूर्यगढ़ा प्रखंड से 12 तथा कजरा शिक्षांचल से 9 छात्र-छात्राओं का चयन जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित प्रतिभागी आगामी शुक्रवार को आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जिसमें जिले के सभी प्रखंडों से चयनित छात्र-छात्राएं सम्मिलित होंगे।

इस अवसर पर नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा ने बताया कि जल-जीवन-हरियाली मिशन के तहत जिले के प्रत्येक प्रखंड में चरणबद्ध रूप से इस प्रकार की क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण एवं जल बचाव अभियान से जोड़ा जा सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मंगलवार को बड़हिया एवं पिपरिया प्रखंड में प्रखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में संबंधित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षा विभाग के कर्मियों एवं आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति संकल्प दिलाया गया।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *