:
Breaking News

लखीसराय में भूमि सुधार जनसंवाद, उपमुख्यमंत्री ने 15 दिनों में मामलों के निस्तारण का दिया निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय। आम नागरिकों की भूमि से जुड़ी समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को टाउन हॉल, लखीसराय में “भूमि सुधार जन कल्याण संवाद” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार श्री विजय कुमार सिन्हा ने की।

जनसंवाद में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित हुए और परिमार्जन प्लस, दाखिल-खारिज, नामांतरण तथा नामांतरण उपरांत उत्पन्न भूमि विवादों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। माननीय उपमुख्यमंत्री ने स्वयं जनसुनवाई करते हुए प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।

उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने मौके पर उपस्थित अंचल अधिकारियों एवं राजस्व कर्मियों से प्रत्येक आवेदन पर विस्तार से चर्चा की और सभी मामलों का 15 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब, लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भूमि सुधार राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसका सीधा लाभ आम जनता तक पहुँचना चाहिए।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार भूमि प्रबंधन प्रणाली को अधिक सरल, डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। परिमार्जन प्लस और ऑनलाइन दाखिल-खारिज जैसी व्यवस्थाओं से जनता को सुविधा मिली है, हालांकि कहीं-कहीं आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील रहते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव श्री सी. के. अनिल (आईएएस) ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और सुधारात्मक पहलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जन कल्याण संवाद कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हैं, जिससे समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से संभव हो पाता है।

कार्यक्रम में सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार (पटना) श्री जय सिंह (आईएएस) ने भी भूमि सुधार से संबंधित आवश्यक जानकारियाँ और दिशा-निर्देश दिए।

जिला पदाधिकारी, लखीसराय श्री मिथिलेश मिश्र ने जिले में भूमि मामलों की वर्तमान स्थिति, ऑनलाइन प्रक्रियाओं की प्रगति और जनशिकायतों के निस्तारण की जानकारी साझा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि माननीय उपमुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन किया जाएगा।

जनसंवाद में शामिल नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें अपनी समस्याएँ सीधे शासन-प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है, जिससे समाधान की उम्मीद मजबूत होती है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार, अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्री राहुल कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुश्री पम्मी रानी सहित जिले के सभी संबंधित अंचल अधिकारी, राजस्व पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *