:
Breaking News

लखीसराय में भूमि मामलों की समीक्षा बैठक, प्रधान सचिव ने लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय। जिले में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े मामलों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निष्पादन को लेकर सोमवार को समाहरणालय, लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव श्री सी. के. अनिल (आईएएस) ने की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में लंबित भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, नामांतरण, परिमार्जन, भूमि अभिलेखों के अद्यतन सहित अन्य राजस्व संबंधी मामलों की गहन समीक्षा कर उनके शीघ्र समाधान के लिए ठोस दिशा-निर्देश देना था।

प्रधान सचिव श्री अनिल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भूमि से जुड़े विवाद आम जनता के जीवन को सीधे प्रभावित करते हैं, इसलिए इनके निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को नियमित समीक्षा कर समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में यह भी कहा गया कि भूमि विवादों के समाधान में आपसी समन्वय और प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाए, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके। साथ ही पुराने और जटिल मामलों को चिन्हित कर विशेष अभियान के तहत उनके समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग श्री जय सिंह (आईएएस) ने अंचल अधिकारियों एवं राजस्व कर्मियों को क्षेत्र स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने, जनशिकायतों को गंभीरता से लेने और विवाद निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दाखिल-खारिज और नामांतरण मामलों का त्वरित निष्पादन भूमि विवादों को कम करने में अहम भूमिका निभाता है। इसके लिए अभिलेखों को अद्यतन रखने और ऑनलाइन प्रक्रियाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि न्यायालय से संबंधित मामलों में प्राप्त आदेशों का शीघ्र अनुपालन किया जाए, ताकि अनावश्यक कानूनी जटिलताओं से बचा जा सके। साथ ही आम जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सरल और सुगम प्रक्रिया अपनाने पर बल दिया गया।

अंत में जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए आम नागरिकों को समय पर न्याय और सुविधा उपलब्ध कराएं।

बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्री राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुश्री पम्मी रानी सहित सभी अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *