:
Breaking News

दिल्ली-एनसीआर पर प्रदूषण की मार, कोहरा–ठंड ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

नई दिल्ली।दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। मंगलवार सुबह राजधानी और आसपास के इलाकों में घना कोहरा और धुंध छाई रही, वहीं स्मॉग की मोटी परत ने हालात और बिगाड़ दिए। कई क्षेत्रों में दृश्यता बेहद कम रही, जिससे आम लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के मुताबिक मंगलवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 381 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। ठंड और प्रदूषण के इस दोहरे असर से लोगों की सेहत पर भी खतरा बढ़ गया है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सुबह सात बजे के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के कई इलाकों में हालात चिंताजनक रहे। आनंद विहार, अशोक विहार, बवाना, जहांगीरपुरी, मुंडका, वजीरपुर और चांदनी चौक जैसे इलाकों में AQI 400 के पार दर्ज किया गया, जो गंभीर स्थिति को दर्शाता है। वहीं, आईटीओ, पंजाबी बाग, विवेक विहार और आरकेपुरम सहित कई क्षेत्रों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है।

विशेषज्ञों के अनुसार, कम हवा की रफ्तार और सर्द मौसम के चलते प्रदूषक तत्व वातावरण में ही फंसे हुए हैं, जिससे स्मॉग की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

प्रदूषण, कोहरा और ठंड के इस मेल ने दिल्ली-एनसीआर की सुबह को दमघोंटू बना दिया है, और आने वाले दिनों में हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *