:
Breaking News

विजय दिवस पर पूसा विवि को राष्ट्रीय सम्मान, कुलपति डॉ. पी.एस. पांडेय के नेतृत्व की हुई सराहना

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

अमरदीप नारायण प्रसाद | समस्तीपुर

समस्तीपुर:विजय दिवस के अवसर पर डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। विश्वविद्यालय को नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रीयता, देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में शिक्षकेत्तर गतिविधियों के माध्यम से उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान वेटरन्स इंडिया संस्थान, भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद, राष्ट्रीय प्रत्ययन बोर्ड (NBA) एवं भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।

इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के चयन में देश के नामचीन न्यायाधीशों, सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, प्रख्यात शिक्षाविदों और प्रशासनिक सेवा के उच्च अधिकारियों की अहम भूमिका रही। समारोह के दौरान राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) तथा राष्ट्रीय प्रत्ययन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अनिल सहस्रबुद्धि ने विश्वविद्यालय के नवाचारों की खुलकर प्रशंसा की।

डॉ. सहस्रबुद्धि ने कहा कि कुलपति डॉ. पी.एस. पांडेय के नेतृत्व में पूसा विश्वविद्यालय ने देशभर के विश्वविद्यालयों को एक नई दिशा दी है। उन्होंने विशेष रूप से “दीक्षारंभ” कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में देशभक्ति, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज दीक्षारंभ की अवधारणा पूरे देश के विश्वविद्यालयों में अपनाई जा रही है और यह डॉ. पांडेय की दूरदर्शिता का परिणाम है।

उन्होंने यह भी कहा कि दीक्षारंभ का नाम आते ही डॉ. पी.एस. पांडेय का नाम स्वतः जुड़ जाता है और देश उन्हें इस संकल्पना के लिए हमेशा याद रखेगा। डिजिटल एग्रीकल्चर सहित अन्य क्षेत्रों में भी विश्वविद्यालय ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं, लेकिन दीक्षारंभ एक अनूठी पहल है, जो इसे विशिष्ट बनाती है।

सम्मान ग्रहण करते हुए कुलपति डॉ. पी.एस. पांडेय ने कहा कि दीक्षारंभ की सोच उनके मन में इजरायल यात्रा के दौरान उत्पन्न हुई थी। कुलपति पद की जिम्मेदारी संभालते ही उन्होंने इसे विश्वविद्यालय में लागू किया। उन्होंने इस राष्ट्रीय सम्मान को विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और पदाधिकारियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में टीम भावना से कार्य करने का वातावरण है, जो उन्हें लगातार बेहतर और नवाचारी कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. पी.के. प्रणव, निदेशक अनुसंधान डॉ. ए.के. सिंह, डीन पीजीसीए डॉ. मयंक राय, डीन बेसिक साइंस डॉ. अमरेश चंद्रा, निदेशक शिक्षा डॉ. उमाकांत बेहरा, निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. रत्नेश झा सहित अन्य पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी और खुशी व्यक्त की।

कुलसचिव डॉ. पी.के. प्रणव ने विश्वास जताया कि कुलपति डॉ. पी.एस. पांडेय के नेतृत्व में आने वाले समय में विश्वविद्यालय नई ऊंचाइयों को छुएगा और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान और मजबूत करेगा।

गौरतलब है कि यह सम्मान समारोह नई दिल्ली में विजय दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया था। विजय दिवस 1971 में पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में मनाया जाता है, और इसी गौरवपूर्ण अवसर पर पूसा विश्वविद्यालय को यह राष्ट्रीय सम्मान मिला।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *