:
Breaking News

पाकिस्तानी डॉन की धमकी के बाद अलर्ट मोड में बिहार सरकार, सीएम नीतीश की सुरक्षा अभूतपूर्व रूप से बढ़ी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। खुफिया एजेंसियों से मिले गंभीर इनपुट के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत कर दिया गया है। अब मुख्यमंत्री से मुलाकात आसान नहीं होगी और केवल विशेष अनुमति प्राप्त लोग ही उनसे मिल सकेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय परिसर के आसपास अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की जा रही है। सीएम की सुरक्षा में लगे जवानों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ निगरानी और गश्त को भी तेज कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के चारों ओर तैनात एसएसबी के सुरक्षा घेराव को और सख्त किया गया है, ताकि किसी भी तरह की चूक की गुंजाइश न रहे।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित जिलों के दौरों को देखते हुए राज्य के सभी जिलों के एसपी और एसएसपी को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

सोशल मीडिया वीडियो से मचा हड़कंप

दरअसल, दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें खुद को पाकिस्तानी डॉन बताने वाला शहजाद भट्टी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धमकी देता नजर आया। इस वीडियो के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। पटना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शहजाद भट्टी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

शहजाद भट्टी वही नाम है जो हाल के दिनों में कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को धमकी देने के कारण भी सुर्खियों में रहा है। भट्टी से जान का खतरा बताते हुए तिहाड़ जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने दिल्ली की अदालत से बुलेटप्रूफ जैकेट और वाहन की मांग तक कर डाली थी।

15 दिसंबर की घटना से जुड़ा पूरा विवाद

सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम को 15 दिसंबर को पटना में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम से जोड़कर देख रही हैं। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आयुष विभाग के डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंप रहे थे। इसी दौरान एक महिला डॉक्टर हिजाब पहनकर मंच पर पहुंचीं। मुख्यमंत्री द्वारा हिजाब की ओर इशारा करने और कथित तौर पर उसे हटाने की घटना ने राजनीतिक और सामाजिक बहस को जन्म दे दिया।

घटना के समय मंच पर मौजूद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री को रोकने की कोशिश करते हुए दिखाई दिए थे। इसके बाद यह मामला देशभर में चर्चा का विषय बन गया और सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।

प्रशासन सख्त, हालात पर पैनी नजर

फिलहाल प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को हल्के में लेने के मूड में नहीं हैं। साफ है कि आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री की सुरक्षा और भी कड़ी रह सकती है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *