:
Breaking News

कड़ाके की ठंड में जिला प्रशासन का बड़ा फैसला, पटना में स्कूलों के समय में बदलाव

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में बढ़ती ठंड ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। ठंड के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के लिए अहम कदम उठाया है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने आदेश जारी करते हुए सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों के समय में अस्थायी बदलाव कर दिया है।

जारी निर्देशों के मुताबिक, पटना जिले में अब किसी भी स्कूल, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र में सुबह 9 बजे से पहले और शाम 4:30 बजे के बाद कोई भी शैक्षणिक गतिविधि संचालित नहीं की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और 25 दिसंबर तक प्रभावी रहेगा।

बच्चों की सेहत को लेकर प्रशासन सख्त

जिला प्रशासन का कहना है कि सुबह और शाम के समय तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि छात्रों को ठंड से होने वाली बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।

स्कूल प्रबंधन को मिला निर्देश

प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वे आदेश के अनुरूप अपने कक्षा संचालन और समय-सारणी में आवश्यक बदलाव करें। हालांकि, बोर्ड और प्री-बोर्ड परीक्षाओं से जुड़ी विशेष कक्षाएं और परीक्षाएं इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगी और पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलती रहेंगी।

25 दिसंबर तक लागू रहेगा आदेश

जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह आदेश 19 दिसंबर 2025 से प्रभावी है और 25 दिसंबर 2025 तक लागू रहेगा। आदेश 18 दिसंबर को जिलाधिकारी के हस्ताक्षर और न्यायिक मुहर के साथ जारी किया गया।

ठंड के इस दौर में जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को पूरी सावधानी और गर्म कपड़ों के साथ ही स्कूल भेजें।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *