:
Breaking News

IRCTC–लैंड फॉर जॉब केस में आज अहम दिन, राबड़ी देवी की याचिका पर राउज एवेन्यू कोर्ट सुनाएगी फैसला

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

नई दिल्ली।आईआरसीटीसी घोटाला और कथित लैंड फॉर जॉब मामले को लेकर आज राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की ओर से दाखिल याचिका पर अदालत आज अपना फैसला सुनाने वाली है। कोर्ट इससे पहले इस मामले में निर्णय सुरक्षित रख चुकी है।

जानकारी के अनुसार, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश भट्ट की अदालत आज दोपहर करीब दो बजे राबड़ी देवी की उस अर्जी पर फैसला देगी, जिसमें उन्होंने अपने और परिवार के सदस्यों के खिलाफ चल रहे सीबीआई और ईडी के मामलों को किसी अन्य अदालत में स्थानांतरित करने की मांग की है।

निष्पक्ष सुनवाई पर उठाए गए सवाल

राबड़ी देवी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता ने अदालत में दलील दी कि मौजूदा अदालत में उन्हें निष्पक्ष न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। बचाव पक्ष का आरोप है कि अब तक की न्यायिक कार्यवाही में पक्षपात का संकेत मिलता है। अधिवक्ता ने यह भी कहा कि आरोप तय करने के आदेश को जानबूझकर बिहार विधानसभा चुनाव के समय से जोड़ा गया, जिससे इसे आचार संहिता से जोड़कर देखा जा सके।

बचाव पक्ष ने यह मुद्दा भी उठाया कि केवल आदेश सुनाने के लिए पूरे लालू परिवार को दिल्ली बुलाया गया, जबकि ऐसे मामलों में आमतौर पर आरोपियों की व्यक्तिगत मौजूदगी अनिवार्य नहीं होती।

सीबीआई ने किया याचिका का विरोध

वहीं, सीबीआई ने राबड़ी देवी की याचिका का कड़ा विरोध किया है। एजेंसी ने इसे ‘फोरम शॉपिंग’ करार देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करना है। सीबीआई ने तर्क दिया कि कोई भी आरोपी इस आधार पर अदालत या न्यायाधीश पर सवाल नहीं उठा सकता कि कार्यवाही उसके पक्ष में नहीं चल रही है।

जांच एजेंसी ने अदालत को यह भी याद दिलाया कि जांच एजेंसी से सवाल पूछना और स्पष्टीकरण मांगना न्यायाधीश का संवैधानिक दायित्व है, न कि किसी प्रकार का पक्षपात।

चार मामलों के ट्रांसफर की मांग

राबड़ी देवी ने न्यायाधीश गोगने की अदालत में लंबित कुल चार मामलों को स्थानांतरित करने की मांग की है। इनमें आईआरसीटीसी घोटाला, कथित जमीन के बदले नौकरी मामला और इनसे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के प्रकरण शामिल हैं।

गौरतलब है कि 13 अक्टूबर को इसी अदालत ने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ आपराधिक आरोप तय किए थे।

फैसले पर टिकी राजनीतिक निगाहें

आज आने वाला फैसला न सिर्फ कानूनी, बल्कि राजनीतिक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है। अदालत का निर्णय यह तय करेगा कि इन चर्चित मामलों की सुनवाई किस अदालत में आगे बढ़ेगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *