:
Breaking News

बिहार में ठंड का तीखा वार, पटना में दिन भी रात जैसा सर्द—तापमान में तेज गिरावट

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।बिहार में सर्द मौसम ने अब अपना असली तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। ठंड का असर सिर्फ रात तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि दिन के वक्त भी कनकनी लोगों को बेहाल कर रही है। राजधानी पटना में पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे दोपहर के समय भी ठिठुरन महसूस होती रही।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पटना के अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट आई है। हालात ऐसे रहे कि दिन और रात के तापमान के बीच अंतर बेहद कम हो गया, नतीजतन पूरे दिन सर्दी का असर बना रहा।

कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें

राज्य के कई हिस्सों में सुबह घना से मध्यम कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ, वहीं सुबह-सुबह निकलने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। पटना में तो हालात ऐसे रहे कि सुबह से शाम तक कोहरे की चादर पूरी तरह हट नहीं सकी।

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों के बीच महज 2.9 डिग्री का अंतर रहने से दिन में भी रात जैसी सर्दी का अहसास बना रहा।

धूप भी बेअसर रही

हालांकि दिन में कुछ देर के लिए शहर के एक-दो इलाकों में धूप जरूर निकली, लेकिन ठंडी हवा और कोहरे के चलते तापमान में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हो सकी। राज्य में सबसे अधिक गिरावट पटना में ही दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान लगभग 5.9 डिग्री तक नीचे चला गया।

अभी और बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक सुबह और देर रात कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इसके साथ ही तापमान में और गिरावट के संकेत हैं। विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने, गर्म कपड़ों का उपयोग करने और अनावश्यक रूप से सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *