:
Breaking News

हिजाब विवाद की गूंज बिहार से बाहर, सीएम नीतीश के खिलाफ तीन राज्यों में शिकायत

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

नई दिल्ली/पटना।नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान एक महिला चिकित्सक के हिजाब से जुड़े घटनाक्रम के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। इस मामले को लेकर बिहार से बाहर तीन अलग-अलग राज्यों में पुलिस के समक्ष शिकायतें दी गई हैं। हालांकि, अब तक बिहार में किसी थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और झारखंड में की गई है। पहले बेंगलुरु और फिर लखनऊ में शिकायत दी गई थी, जबकि अब झारखंड की राजधानी रांची में भी पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा गया है।

रांची में सामाजिक कार्यकर्ता ने दी शिकायत

रांची के इटकी थाना क्षेत्र में खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताने वाले मोहम्मद मुर्तजा आलम ने पुलिस को आवेदन देकर मामले की जांच की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि यह घटना अब निजी दायरे तक सीमित नहीं रही, बल्कि सार्वजनिक विमर्श का विषय बन चुकी है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सार्वजनिक मंच पर धार्मिक पोशाक के साथ किया गया ऐसा व्यवहार आपत्तिजनक होने के साथ-साथ महिला की गरिमा पर आघात करता है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से कानून के तहत कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

लखनऊ में भी उठी कार्रवाई की मांग

इससे पहले उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता और कवि मुनव्वर राणा की बेटी सुमैया राणा ने कैसरबाग थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

सुमैया राणा ने अपने आवेदन में आरोप लगाया कि सार्वजनिक मंच पर एक महिला के साथ किया गया व्यवहार बेहद आपत्तिजनक और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में संजय निषाद की टिप्पणी भी अस्वीकार्य है और इस पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद

यह पूरा मामला पिछले सोमवार का है, जब पटना में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आयुष विभाग के डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांटने पहुंचे थे। इसी दौरान मंच पर एक महिला डॉक्टर को नियुक्ति पत्र देने के बाद मुख्यमंत्री द्वारा उनके हिजाब को हटाने की घटना सामने आई।

घटना के वक्त डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री को रोकने की कोशिश करते हुए नजर आए। हिजाब हटने के बाद महिला डॉक्टर असहज दिखाई दीं, जबकि मंच और आसपास मौजूद कुछ लोग हंसते हुए भी नजर आए। इस दृश्य का वीडियो सामने आने के बाद मामला राजनीतिक और सामाजिक बहस का केंद्र बन गया।

कानूनी सवाल बरकरार

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बिहार के मुख्यमंत्री के खिलाफ दूसरे राज्यों की पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी या नहीं। फिलहाल सभी शिकायतें शुरुआती स्तर पर हैं और पुलिस की अगली कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *