:
Breaking News

बगहा में टला बड़ा रेल हादसा, जंगली भैंसे से टकराई हमसफर एक्सप्रेस, सतर्कता से बचीं सैकड़ों जानें

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पश्चिम चंपारण/बगहा।गोरखपुर–नरकटियागंज रेलखंड पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। मदनपुर रेलवे ट्रैक के पास अचानक जंगली भैंसे के आ जाने से चम्पारण हमसफर एक्सप्रेस उससे टकरा गई। घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई, हालांकि लोको पायलट की तत्परता ने स्थिति को संभाल लिया।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, ट्रेन तेज गति में थी तभी ट्रैक पर जंगली भैंसा नजर आया। खतरे को भांपते हुए लोको पायलट ने बिना देर किए इमरजेंसी ब्रेक लगाया। इससे ट्रेन की रफ्तार काफी कम हो गई और बड़ा नुकसान टल गया। टक्कर के बाद एहतियातन ट्रेन को मौके पर ही रोक दिया गया।

दो घंटे से ज्यादा प्रभावित रही आवाजाही

घटना के चलते चम्पारण हमसफर एक्सप्रेस करीब दो घंटे से अधिक समय तक मदनपुर क्षेत्र में खड़ी रही। रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने इंजन और रेल लाइन की गहन जांच की, ताकि आगे किसी तरह की तकनीकी दिक्कत न आए। जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया।

यात्रियों में दहशत, पर राहत भी

अचानक हुई घटना से यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। कई यात्री सीट से उठकर कोच के भीतर इधर-उधर भागते नजर आए। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। लंबा इंतजार और अनिश्चितता के कारण यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

वन क्षेत्र होने से बढ़ता है खतरा

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, यह इलाका वन क्षेत्र से सटा हुआ है, जहां जंगली जानवरों की आवाजाही आम बात है। ऐसे में इस रेलखंड पर ट्रेन संचालन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *