:
Breaking News

कोहरे की कैद में पटना एयरपोर्ट, उड़ानों पर ब्रेक, इंडिगो की 14 फ्लाइट्स रद्द

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।राजधानी पटना में लगातार बने घने कोहरे ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों का शेड्यूल पूरी तरह बिगड़ गया। गुरुवार को सबसे ज्यादा असर इंडिगो एयरलाइंस पर पड़ा, जिसे एक ही दिन में 14 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि दर्जनों फ्लाइटें घंटों की देरी से संचालित हुईं। शुक्रवार को भी हालात में खास सुधार नहीं दिखा।

दिल्ली-बेंगलुरु रूट सबसे ज्यादा प्रभावित

रद्द की गई उड़ानों में दिल्ली और बेंगलुरु रूट की दो-दो फ्लाइटें शामिल रहीं। इसके अलावा हैदराबाद, मुंबई और कोलकाता जाने वाली और वहां से आने वाली उड़ानें भी प्रभावित हुईं। इनमें कुल सात विमान पटना आने वाले और सात यहां से उड़ान भरने वाले थे।
हालांकि कुछ यात्रियों को पहले ही उड़ान रद्द होने की सूचना मिल गई थी, लेकिन कई यात्री ऐसे भी रहे जिन्हें एयरपोर्ट पहुंचने के बाद फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी मिली, जिससे नाराजगी और निराशा देखने को मिली।

200 मीटर तक सिमटी दृश्यता

गुरुवार सुबह हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। एयरपोर्ट के आसपास दृश्यता घटकर करीब 200 मीटर तक सिमट गई, जो विमान संचालन के लिए बेहद जोखिम भरी स्थिति मानी जाती है। इसी वजह से हवाई परिचालन करीब दो घंटे तक ठप रहा।

देरी से शुरू हुई उड़ानें

कोहरे के असर के चलते दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की पहली फ्लाइट सुबह की बजाय दोपहर 11:15 बजे पटना पहुंच सकी। इसके बाद इंडिगो की दिल्ली फ्लाइट दोपहर 12:42 बजे और बेंगलुरु से आने वाली उड़ान 1:01 बजे लैंड कर पाई। मुंबई से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट दिन की पहली ऐसी उड़ान रही, जो अपने निर्धारित समय पर पहुंची।

अभी और बढ़ सकती है परेशानी

मौसम विभाग के संकेतों के अनुसार शुक्रवार सुबह भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे कई उड़ानों को रीशेड्यूल करना पड़ा। लगातार बिगड़ते मौसम के कारण पटना सेक्टर पर उड़ानों का संचालन एयरलाइंस के लिए चुनौती बना हुआ है और आने वाले दिनों में यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *