:
Breaking News

नए साल से पहले बिहार में शराब माफिया फिर हरकत में, पुआल-भूसा बना तस्करी का कवर, पुलिस हाई अलर्ट

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।नए साल के जश्न की आहट के साथ ही बिहार में अवैध शराब का नेटवर्क एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शराबबंदी वाले राज्य में तस्कर पुलिस की निगरानी से बचने के लिए अब खेत-खलिहान की चीज़ों को ढाल बना रहे हैं। कहीं पुआल तो कहीं भूसा, आलू और सब्जियों की आड़ में शराब की खेपें सीमाओं के भीतर दाखिल कराई जा रही हैं।

इन बदलते हथकंडों ने पुलिस को भी सतर्क कर दिया है। पुलिस मुख्यालय ने हालात की गंभीरता को देखते हुए सख़्त निर्देश जारी किए हैं। अब ऐसे सभी भारी वाहन, जिनमें पुआल, भूसा, आलू या कृषि उत्पाद लदे हों, उन्हें रोककर विशेष जांच की जा रही है।

भूसे के नीचे निकली शराब, पुआल समझकर हुई लूट

हाल के दिनों में दो घटनाओं ने इस पूरे खेल की पोल खोल दी। बीते शुक्रवार को बाईपास थाना पुलिस ने भूसा लदे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली, तो अंदर से शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। यह खेप किस नेटवर्क से जुड़ी है, इसकी जांच जारी है।

वहीं इसके अगले ही दिन औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र के रानीतालाब में पुआल से भरी एक पिकअप वैन को अपराधियों ने लूट लिया। लुटेरों को शक था कि वाहन में शराब छिपाकर लाई जा रही है। हालांकि जांच में सिर्फ पुआल ही मिला। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी पकड़ी जा चुकी हैं बड़ी खेपें

पुलिस के मुताबिक यह कोई नया तरीका नहीं है। इससे पहले भी जिले में पुआल, भूसा, बालू, आलू और अन्य सामानों के बीच छिपाकर लाई जा रही शराब की कई खेपें पकड़ी जा चुकी हैं। नए साल के करीब आते ही तस्करों की गतिविधियां और तेज़ हो गई हैं।

नकली शराब की भी आशंका

एसएसपी हृदय कांत ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जहां से भी सूचना मिलती है, वहां तुरंत छापेमारी की जा रही है और संदिग्ध वाहनों की गहन जांच हो रही है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि नए साल के दौरान शराब के साथ-साथ नकली शराब की आपूर्ति की आशंका भी बनी हुई है, जो जानलेवा साबित हो सकती है।

पुलिस मुख्यालय ने भागलपुर समेत सभी जिलों को शराब तस्करी के हॉटस्पॉट चिन्हित कर नियमित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साफ है कि जश्न के मौसम में माफिया जितना चालाक बनने की कोशिश करेंगे, पुलिस उतनी ही सख्ती से उनकी राह रोकने के मूड में है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *