:
Breaking News

बेगूसराय में घूसखोरी का भंडाफोड़, 18 हजार के बिल पर 1800 की डील पड़ी भारी, जिला कल्याण अधिकारी धराए

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बेगूसराय।बिहार में रिश्वतखोरी के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में बेगूसराय में निगरानी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन के एक अहम अधिकारी को रंगे हाथों दबोच लिया। समाहरणालय परिसर में स्थित जिला कल्याण कार्यालय से जिला कल्याण पदाधिकारी और उनके नाजिर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है।

ऑफिस सप्लाई बिल बना कार्रवाई की वजह

मामला एक साधारण से स्टेशनरी सप्लाई बिल से जुड़ा है। आरोप है कि 18 हजार रुपये के बिल को पास करने के लिए संबंधित अधिकारी द्वारा 10 प्रतिशत यानी 1800 रुपये की मांग की जा रही थी। बार-बार अनुरोध के बावजूद जब बिना पैसे के बिल पास नहीं हुआ, तो पीड़ित ने निगरानी विभाग का दरवाजा खटखटाया।

शिकायत के बाद बिछा जाल

बछवारा निवासी मुकेश राम ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। तय रणनीति के तहत जैसे ही रिश्वत की राशि दी गई, निगरानी टीम ने मौके पर ही जिला कल्याण पदाधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल और उनके नाजिर जिवेन्द्र कुमार सिंह को पकड़ लिया।

समाहरणालय में मची हलचल

निगरानी की इस कार्रवाई से समाहरणालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। कार्यालय से दोनों आरोपियों को हिरासत में लिए जाने की खबर फैलते ही कर्मचारी और आम लोग दंग रह गए। कार्रवाई के बाद निगरानी टीम दोनों को अपने साथ लेकर चली गई।

पहले भी मिल चुकी थीं शिकायतें

सूत्रों के मुताबिक, हर बिल पास कराने के बदले कमीशन मांगने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही थीं। इस बार शिकायतकर्ता ने सीधे निगरानी विभाग से संपर्क कर पूरे मामले को उजागर कर दिया।

निगरानी विभाग की सख्त चेतावनी

निगरानी डीएसपी सुजीत सागर ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

>“शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप किया गया। 18 हजार के बिल के बदले 1800 रुपये रिश्वत लेते समय दोनों को रंगे हाथों पकड़ा गया है।”
 सुजीत सागर, डीएसपी, निगरानी

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *