:
Breaking News

गया में मांझी के बयान से सियासी तूफान, वायरल वीडियो पर RJD का आरोप—चुनाव नतीजों में ‘दखल’ का दावा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

गया।बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक जीतन राम मांझी का एक वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस वीडियो को आधार बनाकर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि मांझी ने पूरे मामले को सिरे से खारिज करते हुए वीडियो को एडिटेड और फर्जी बताया है।

अभिनंदन समारोह से उठा विवाद

यह पूरा मामला गया जिले के मोहनपुर प्रखंड का है, जहां बाराचट्टी विधानसभा की विधायक ज्योति देवी के सम्मान में आयोजित समारोह में जीतन राम मांझी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। मंच से दिए गए उनके बयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसे RJD ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर साझा किया।

RJD का दावा—‘हारती सीट को जिता दिया’

RJD का आरोप है कि मांझी ने अपने भाषण में 2020 विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि एक सीट पर उनका प्रत्याशी करीब 2700 वोटों से पीछे चल रहा था, लेकिन प्रयास के बाद वह सीट जीत में बदल गई। वीडियो में कथित तौर पर यह भी कहा गया कि इस बार समय रहते जानकारी नहीं मिली, इसलिए एक सीट महज 1600 वोटों से हाथ से निकल गई।

जिलाधिकारी का जिक्र बना बड़ा सवाल

वायरल वीडियो में मांझी द्वारा उस समय के जिलाधिकारी का उल्लेख भी सामने आया है, जो 2020 में गया में पदस्थापित थे और वर्तमान में त्रिपुरा में तैनात बताए जा रहे हैं। वीडियो के अनुसार, मांझी ने कहा कि उसी अधिकारी ने फोन कर पिछले चुनाव की जीत का हवाला दिया था। इसी बयान को लेकर विपक्ष ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RJD ने चुनाव आयोग को घेरा

मामले को लेकर RJD ने तीखा हमला बोलते हुए चुनाव आयोग को भी कटघरे में खड़ा किया है। पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि क्या यही लोकतंत्र है और क्या चुनाव आयोग ऐसे बयानों पर आंख मूंदे रहेगा?

मांझी का पलटवार—वीडियो बताया फर्जी

विवाद बढ़ने के बाद जीतन राम मांझी ने अपने एक्स अकाउंट पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनके वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उसे जानबूझकर वायरल किया गया है। मांझी ने लिखा कि उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब वे किसी दबाव में आने वाले नहीं हैं और “मांझी ब्रांड” किसी से डरने वाला नहीं है।

चुनावी आंकड़ों का भी जिक्र

गौरतलब है कि 2025 के विधानसभा चुनाव में हम पार्टी ने छह सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें से पांच पर जीत दर्ज की थी। गया जिले की टेकारी सीट पर पार्टी प्रत्याशी को करीब दो हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा था, जिसका जिक्र भी इस बयान के संदर्भ में सामने आ रहा है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *