:
Breaking News

सैनिक स्कूल बटहा की बेटी ने बॉलीवुड में रचा इतिहास, फैशन डिजाइनिंग में रोसड़ा की रुचि बनी नई पहचान

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

रोसड़ा:सुंदरी देवी सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल, बटहा एक बार फिर अपनी शैक्षणिक विरासत और संस्कारों के कारण चर्चा में है। यहां से शिक्षा ग्रहण कर निकले छात्र-छात्राएं आज इंजीनियर, डॉक्टर, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक जैसे विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय के प्रथम बैच की छात्रा रुचि कुमारी ने फैशन डिजाइनिंग जैसे रचनात्मक और प्रतिस्पर्धी क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाकर विद्यालय, रोसड़ा क्षेत्र और पूरे जिले का नाम रोशन किया है।

रोसड़ा के लक्ष्मीपुर निवासी समाजसेवी सुरेश पूर्वे की पुत्री रुचि कुमारी ने हाल ही में रिलीज हुई बहुचर्चित बॉलीवुड फिल्म ‘धुरंधर’ में अभिनेता रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना और बाल कलाकार सारा अर्जुन समेत अन्य कलाकारों के परिधानों को डिजाइन किया है। यह उपलब्धि किसी भी उभरते डिजाइनर के लिए बड़ी मानी जाती है। इससे पहले भी रुचि ‘सुल्तान’, ‘बेफिक्रे’ सहित कई चर्चित हिंदी फिल्मों के लिए परिधान डिजाइनिंग में अपनी रचनात्मक सेवाएं दे चुकी हैं।

वर्तमान में रुचि देश के प्रतिष्ठित फैशन हाउस ‘दिवानी’ में हेड डिजाइनर के पद पर कार्यरत हैं। अत्याधुनिक और विशिष्ट फैशन के क्षेत्र में उनकी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सक्रिय भागीदारी रही है। उन्होंने पर्ल एकेडमी और दि टेक्सटाइल्स इंस्टीट्यूट, मैनचेस्टर (यूनाइटेड किंगडम) से फैशन डिजाइनिंग में परास्नातक की पढ़ाई पूरी की है।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी विजयव्रत कंठ ने बताया कि रुचि ने पारंपरिक करियर विकल्पों से अलग हटकर अपने जुनून को चुना और कड़ी मेहनत के बल पर शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। वहीं विद्यालय के पूर्व छात्र संयोजक एवं भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण में सहायक महाप्रबंधक कुमार आशीष ने कहा कि रुचि की सफलता आज के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने न केवल खुद मुकाम हासिल किया, बल्कि अन्य लोगों को आगे बढ़ने में भी सहयोग दिया।

अपनी उपलब्धि पर रुचि कुमारी का कहना है कि विद्यालय का अनुशासित, सृजनात्मक वातावरण, योग्य शिक्षकों का मार्गदर्शन और माता-पिता का निरंतर प्रोत्साहन उनकी सफलता की मजबूत नींव रहा। उन्होंने कहा कि आज युवाओं के पास करियर के अनेक विकल्प हैं, जरूरी है कि वे अपनी रुचि को पहचानें और पूरे समर्पण के साथ उस दिशा में आगे बढ़ें।

रुचि की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के अध्यक्ष बिनोद कुमार, सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, लोक शिक्षा समिति के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, विभाग निरीक्षक विनोद कुमार तथा प्रधानाचार्य रामचंद्र मंडल ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *