:
Breaking News

जल संरक्षण पर विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

जल जीवन हरियाली क्विज में सपना अव्वल, चरनजीत दूसरे और सुधांशु तीसरे स्थान पर

लखीसराय।जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को लेकर विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को लखीसराय जिला मुख्यालय स्थित खेल भवन में जिलास्तरीय जल जीवन हरियाली क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित जल जीवन हरियाली मिशन के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के सभी प्रखंडों से चयनित 56 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में जल जीवन हरियाली, जल संरक्षण एवं पर्यावरण से जुड़े 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए, जिनका उत्तर प्रतिभागियों ने ओएमआर शीट के माध्यम से दिया। कार्यक्रम का संचालन जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक श्री नीरज कुमार, डीपीओ समग्र शिक्षा श्रीमती नीलम राज एवं नोडल शिक्षक श्री पीयूष कुमार झा के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद घोषित परिणाम में उच्च विद्यालय नरोत्तमपुर, कजरा की छात्रा सपना रानी ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं उच्च माध्यमिक विद्यालय बिलौरी के चरनजीत कुमार को द्वितीय तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय दिघड़ी भवानीपुर के सुधांशु कुमार को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

प्रतियोगिता के उपरांत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह का उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम द्वारा पौधे में जल अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा— “जल है तो कल है, और जल बचाने से ही आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित होगा।”

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया। जिला स्तर पर प्रथम दस स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल और नवपौध भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट योगदान के लिए नोडल शिक्षक श्री पीयूष कुमार झा को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगामी 6 जनवरी को पटना में आयोजित जल जीवन हरियाली दिवस के राजकीय समारोह में भी सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा श्रीमती नीलम राज, निदेशक (NEP) श्री नीरज आनंद सहित शिक्षक गोविन्द कुमार, अभिषेक कुमार, स्मृति कुमार, आलोक झा, संजू कुमारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *