:
Breaking News

आकांक्षी प्रखंड सूर्यगढ़ा की प्रगति पर प्रशासन सख्त

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

डीएम की अध्यक्षता में समन्वयात्मक समीक्षा बैठक, योजनाओं को परिणामोन्मुखी बनाने के निर्देश

लखीसराय।आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत सूर्यगढ़ा प्रखंड में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समन्वयात्मक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करना तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनाना रहा।

इस अवसर पर भारत सरकार के निदेशक एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के लिए नामित केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी श्री कुमार रामकृष्ण विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने एक दिन पूर्व सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत घोसैठ स्थित पैक्स गोदाम के क्षेत्रीय भ्रमण का उल्लेख करते हुए कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी दिखेगा, जब उनका जमीनी स्तर पर ईमानदारी और गुणवत्ता के साथ क्रियान्वयन होगा।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना एवं वित्तीय समावेशन जैसे प्रमुख संकेतकों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए प्रत्येक संकेतक में निरंतर और ठोस प्रगति सुनिश्चित करें।

जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम का लक्ष्य केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि पिछड़े क्षेत्रों में विकास की गति को तेज करना है। इसके लिए सभी विभागों को समयबद्धता और गुणवत्ता दोनों पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभागीय पोर्टल पर सटीक, अद्यतन और पूर्ण आंकड़े नियमित रूप से अपलोड करने का भी निर्देश दिया, ताकि कार्यक्रम की वास्तविक स्थिति का निष्पक्ष और प्रभावी मूल्यांकन संभव हो सके।

डीएम ने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर नियमित भ्रमण करने, योजनाओं की सतत निगरानी करने तथा आमजन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्री शशि कुमार, प्रबंध निदेशक सहकारिता विभाग मुंगेर सहित जिले के विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, आकांक्षी प्रखंड सूर्यगढ़ा के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं जिला-प्रखंड स्तर के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी विभागों को आपसी सहभागिता, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा के भीतर प्राप्त करने हेतु ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *