:
Breaking News

लखीसराय में ‘अपनी पूंजी, अपना अधिकार’ कार्यक्रम, ₹24.85 करोड़ की निष्क्रिय राशि का खुलासा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय।आम नागरिकों को उनकी वित्तीय परिसंपत्तियों के प्रति जागरूक करने और वर्षों से बैंकों में पड़ी निष्क्रिय व अदावाकृत राशि की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में “अपनी पूंजी, अपना अधिकार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने की।

कार्यक्रम का संचालन अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री संजीत कुमार ने किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा “अपनी पूंजी, अपना अधिकार” विषय पर आधारित जागरूकता पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि 31 अगस्त 2025 तक लखीसराय जिले के विभिन्न बैंकों में कुल 38,440 ऐसे खाते चिन्हित किए गए हैं, जिनमें लगभग ₹24.85 करोड़ की राशि वर्षों से बिना दावे के पड़ी हुई है। इन खातों में रिटेल, संस्थागत और सरकारी श्रेणी के खाते शामिल हैं। एसबीआई, यूको बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक जैसे प्रमुख बैंकों में एक करोड़ रुपये से अधिक की अदावाकृत राशि दर्ज है।

अधिकारियों ने बताया कि इन खातों में ग्राहकों, सरकारी विभागों और विभिन्न संस्थाओं की वह राशि शामिल है, जिसे पिछले करीब 10 वर्षों से कोई दावा नहीं किया गया। भारतीय रिज़र्व बैंक एवं अन्य संबंधित संस्थानों के समन्वित प्रयास से ऐसे खातों की पहचान कर राशि की वापसी की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया जा रहा है।

जिलाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का मूल उद्देश्य लोगों को उनके वित्तीय अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनकी मेहनत की कमाई उन्हें वापस दिलाना है। उन्होंने सभी बैंकों को निर्देश दिया कि वे खाताधारकों से सक्रिय संपर्क स्थापित कर आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर दावों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खाताधारक उपस्थित रहे, जिनके मामलों का मौके पर समाधान किया गया। इस शिविर के माध्यम से लगभग ₹50 लाख से संबंधित दावों का निपटारा किया गया। अधिकारियों ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं समाधान शिविरों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों को लाभ मिल सके।

इस अवसर पर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री शंभूनाथ, जिला योजना पदाधिकारी श्री आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमती वंदना पाण्डेय, भारतीय रिज़र्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, बीमा कंपनियों एवं डाक विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *