:
Breaking News

महिलाओं के सशक्तिकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं:डीएम

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय।महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और पुनर्वास को लेकर संचालित सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को लखीसराय समाहरणालय में जिला संचालन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने की।

बैठक में मिशन शक्ति और मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के अंतर्गत संचालित सभी कार्यक्रमों की अद्यतन स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में कोई भी ढिलाई या लंबित कार्य स्वीकार्य नहीं होगा और सभी योजनाओं का क्रियान्वयन तय समयसीमा में सुनिश्चित किया जाए।

सखी सेंटर और महिला हेल्पलाइन की सक्रिय भूमिका

समीक्षा के दौरान बताया गया कि मिशन शक्ति की संबल उपयोजना के अंतर्गत सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से चालू वित्तीय वर्ष में 103 मामलों का निष्पादन किया गया। वहीं महिला हेल्पलाइन 181 पर दर्ज 95 मामलों में से 88 मामलों का सफल समाधान कर पीड़ित महिलाओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।

इसके साथ ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिले में अब तक 61 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 4,327 लोगों ने भाग लिया।

आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ती महिलाएं

मिशन शक्ति की सामर्थ्य उपयोजना के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण केंद्र द्वारा 29 कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें 1,560 महिलाएं एवं बालिकाएं शामिल हुईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 102 लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला।

बैठक में सखी निवास एवं शक्ति सदन की व्यवस्थाओं और संचालन की भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।

कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा पर जोर

जिला पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के अंतर्गत संचालित पालनाघर, सामाजिक पुनर्वास कोष, कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र और अल्पावास गृह की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

साथ ही, डीएम ने शी-बॉक्स पोर्टल पर पंजीकृत निजी संस्थानों में आंतरिक शिकायत समिति (ICC) का गठन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया, ताकि कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और शिकायत निवारण की प्रभावी व्यवस्था बनी रहे।

बैठक में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस सह नोडल पदाधिकारी मिशन शक्ति श्रीमती बंदना पाण्डेय, जिला योजना पदाधिकारी श्री आशुतोष कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री संजीत कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक, हब के जिला मिशन समन्वयक एवं सखी वन स्टॉप सेंटर के केंद्र प्रशासक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *