:
Breaking News

प्रधानमंत्री मोदी से मिले नितिन नवीन, नई जिम्मेदारी के बाद संगठन को मजबूत करने का मिला मंत्र

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

नई दिल्ली/पटना।
बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन लगातार पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से संवाद स्थापित कर रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की और उनसे आशीर्वाद व मार्गदर्शन प्राप्त किया।
प्रधानमंत्री से भेंट के बाद नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि नई जिम्मेदारी संभालने के बाद प्रधानमंत्री से मिलना उनके लिए प्रेरणादायी अनुभव रहा। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री को बिहार की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े उपहार भेंट किए, जिनमें सिक्की कला से बनी पेंटिंग और भागलपुरी सिल्क पर मधुबनी कला से सजी शाल शामिल रही। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए अनुभव उनके लिए सीख का बड़ा स्रोत हैं।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए नितिन नवीन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि नितिन नवीन का संगठनात्मक और प्रशासनिक अनुभव पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करेगा तथा जनआकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद नितिन नवीन ने भाजपा मुख्यालय, नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिवों के साथ अपनी पहली औपचारिक बैठक भी की। इस बैठक में संगठन को सशक्त बनाने, आगामी कार्यक्रमों और रणनीतिक कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तृत मंथन हुआ। बैठक में संगठन महामंत्री बीएल संतोष, संयुक्त महामंत्री शिव प्रकाश समेत अरुण सिंह, सुनील बंसल, राधामोहन दास अग्रवाल, विनोद तावड़े, दुष्यंत गौतम और तरुण चुघ उपस्थित रहे। पार्टी सूत्रों के अनुसार संगठनात्मक विषयों पर गंभीर और दूरगामी चर्चा की गई।
गौरतलब है कि भाजपा ने 14 दिसंबर को नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की थी। 15 दिसंबर को उन्होंने दिल्ली में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। पद संभालने के बाद अब वे 23 दिसंबर को पहली बार पटना पहुंचेंगे। इस अवसर पर उनके स्वागत में भव्य रोड शो का आयोजन प्रस्तावित है। यह रोड शो पटना एयरपोर्ट से शुरू होकर शेखपुरा मोड़, हाईकोर्ट और आयकर गोलंबर होते हुए मिलर हाई स्कूल मैदान तक पहुंचेगा, जहां पार्टी की ओर से उनका अभिनंदन किया जाएगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *