:
Breaking News

10 सर्कुलर रोड को लेकर सियासी घमासान, JDU का बड़ा आरोप – ‘तहखाने में छिपा है राज?’

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को खाली किए जाने की प्रक्रिया के बीच सियासत तेज हो गई है। गुरुवार देर रात बंगले से सामान हटाए जाने की तस्वीरें सामने आते ही जनता दल यूनाइटेड ने तीखा हमला बोला है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार के बयान ने राजनीतिक हलकों में नया विवाद खड़ा कर दिया है।
JDU का सनसनीखेज दावा
जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि राबड़ी देवी के सरकारी आवास में तहखाना मौजूद है, जहां कथित तौर पर महत्वपूर्ण दस्तावेज और “खजाना” छुपाकर रखा गया है। उन्होंने यहां तक कहा कि सरकार को जरूरत पड़े तो बंगले की खुदाई करानी चाहिए।
नीरज कुमार ने कहा कि आवास खाली करने का नोटिस पहले ही दिया जा चुका था, फिर भी बंगला छोड़ने में इतनी हिचक क्यों है। उनका सवाल था कि आखिर ऐसी कौन-सी चीज है, जिसके कारण मोह और ममता नहीं छूट रही।
रात में सामान शिफ्ट करने पर उठे सवाल
जदयू प्रवक्ता ने रात के अंधेरे में सामान हटाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सरकारी आवास में मौजूद हर वस्तु सरकार की संपत्ति है, जो जनता के टैक्स से खरीदी गई है। ऐसे में बिना सूची बनाए सामान हटाना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं सरकारी सामान को निजी संपत्ति की तरह दूसरी जगह तो नहीं पहुंचाया जा रहा।
सरकार से सख्ती की मांग
नीरज कुमार ने सरकार से इस पूरे मामले पर कड़ी नजर रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि लालू परिवार के पास पटना में पहले से कई वैकल्पिक ठिकाने और जमीन मौजूद हैं, ऐसे में सरकारी बंगले को खाली करने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।
बंगला खाली करने की प्रक्रिया शुरू
यह बयान ऐसे समय में आया है, जब 25 दिसंबर की रात से 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास से सामान हटाने का काम शुरू हो चुका है। छोटी गाड़ियों के जरिए फर्नीचर, घरेलू सामान और पौधों को दूसरी जगह ले जाया गया। आरजेडी सूत्रों का कहना है कि यह प्रक्रिया धीरे-धीरे पूरी की जाएगी।
पहले ही मिल चुका था नोटिस
गौरतलब है कि बिहार में नई सरकार बनने के बाद भवन निर्माण विभाग ने 25 नवंबर 2025 को राबड़ी देवी को बंगला खाली करने का नोटिस भेजा था। इसको लेकर पहले भी राजनीतिक विवाद हुआ था और आरजेडी ने आवास खाली करने से इनकार किया था। अब जब शिफ्टिंग शुरू हुई है, तो उस पर भी सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *