:
Breaking News

नगर परिषद से निगम बना समस्तीपुर, टैक्स बढ़ा पर सुविधाओं के नाम पर गंदगी ही गंदगी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

अमरदीप नारायण प्रसाद | समस्तीपुर

समस्तीपुर को नगर परिषद से नगर निगम बने करीब ढाई साल होने को हैं, लेकिन शहरवासियों को आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है। नगर निगम बनने के बाद जहां लोगों पर टैक्स का बोझ बढ़ा है, वहीं सुविधाओं के नाम पर गंदगी, जलजमाव और अव्यवस्था ही नसीब हो रही है।
शहर की प्रमुख समस्याओं में जलजमाव सबसे आगे है। चाहे बरसात हो, सर्दी या गर्मी—घोसलेन इन्द्राणी स्कूल के पीछे की सड़क पर सालभर पानी जमा रहता है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, बायपास सड़क किनारे कूड़े का अंबार लगा रहता है, जिससे इलाके में दुर्गंध फैल रही है और लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है।
नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों में अब तक नल-जल योजना पूरी तरह लागू नहीं हो पाई है, न ही पक्की नालियों का निर्माण किया गया है। सफाई कर्मियों द्वारा नालियों की सफाई तो की जाती है, लेकिन नाले से निकला कचरा सड़कों और गलियों में ही छोड़ दिया जाता है, जो हफ्तों तक यूं ही पड़ा रहता है।
इस कारण स्कूली बच्चे, कॉलेज व कोचिंग जाने वाले छात्र, नौकरीपेशा लोग और स्थानीय निवासी गंदगी से भरे रास्तों से गुजरने को मजबूर हैं। हालात इतने बदतर हैं कि बीमारियों के फैलने का खतरा भी लगातार बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार सफाई प्रभारी और नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हो सका है।
यह वीडियो वार्ड संख्या 24 के नीम गली का बताया जा रहा है, जहां एक सप्ताह से कचरे का ढेर पड़ा हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान दिया जाए और सफाई कर्मियों को नियमित व प्रभावी सफाई के स्पष्ट निर्देश दिए जाएं, ताकि लोगों को गंदगी में जीवन जीने के लिए मजबूर न होना पड़े।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *