:
Breaking News

जमुई में पूर्व नक्सली कमांडर की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

झाझा हथियार लूटकांड से जुड़ा रहा लखन यादव, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

जमुई।बिहार के जमुई जिले में नक्सल गतिविधियों के लगभग समाप्त होने के दावों के बीच एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चरकापत्थर थाना क्षेत्र में पूर्व नक्सली कमांडर लखन यादव की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार मृतक लखन यादव चिलकाखार गांव का निवासी था। वह कभी नक्सली संगठन से जुड़ा हुआ था और झाझा स्टेशन पर हुए चर्चित हथियार लूटकांड में उसका नाम सामने आया था। हालांकि, बाद के वर्षों में उसने नक्सली गतिविधियों से दूरी बना ली थी और ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
बाइक से गया था पड़ोसी गांव, रास्ते में हुई वारदात
मृतक के बहनोई टुनटुन यादव ने बताया कि लखन यादव दो अन्य लोगों के साथ मोटरसाइकिल से पास के गांव बाराटांड गया था। कुछ ही देर बाद फोन के माध्यम से उन्हें उसकी हत्या की सूचना मिली, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने की घटना की पुष्टि
झाझा के एसडीपीओ राजेश कुमार ने पूर्व नक्सली कमांडर की हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
नक्सली एंगल से इनकार, आपराधिक रंजिश की आशंका
पुलिस इस हत्याकांड को नक्सली वारदात मानने से फिलहाल इनकार कर रही है और इसे आपसी रंजिश या आपराधिक घटना के रूप में देखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
घटना के बाद से चरकापत्थर और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जमुई पुलिस कब तक इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा पाती है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *