:
Breaking News

समस्तीपुर में कड़ाके की ठंड का कहर, जनजीवन अस्त-व्यस्त

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

अमरदीप नारायण प्रसाद

समस्तीपुर / बिहार :समस्तीपुर जिले में कड़ाके की ठंड और शीत लहर ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। ठंड ने बीते 27 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिससे आम जनजीवन पर गहरा असर पड़ा है। सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार थम सी गई है और लोग अत्यधिक जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने को मजबूर हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर मात्र 3 डिग्री सेल्सियस रह गया है, जो इस मौसम के लिए बेहद असामान्य स्थिति मानी जा रही है।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के मुताबिक, वर्ष 1998 के बाद पहली बार जिले में अधिकतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अब्दुल सत्तार ने बताया कि जिले में इस समय हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है और यह स्थिति आने वाले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि तापमान में अभी और गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय मौसमी सिस्टम के प्रभाव के कारण लगातार तापमान में गिरावट हो रही है। हवा में नमी की मात्रा अधिक होने और लगभग 9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा के कारण समस्तीपुर समेत उत्तर बिहार के कई जिलों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। इसके साथ ही ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय जेट हवाओं के प्रभाव से जिले में कोल्ड डे जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं।
कड़ाके की ठंड का सबसे ज्यादा असर गरीब, बुजुर्ग और मजदूर वर्ग पर देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम के समय लोग अलाव और गर्म कपड़ों के सहारे ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं। ठंड के कारण बाजारों और सड़कों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल देखी जा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *