:
Breaking News

सड़क–पुल परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा, सचिव पंकज कुमार पाल ने दिए सख्त निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना:बिहार में सड़क और पुल परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने को लेकर पथ निर्माण विभाग ने रफ्तार तेज कर दी है। विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BSRDCL) और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड (BRPNNL) द्वारा संचालित प्रमुख परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान परियोजनाओं की भौतिक प्रगति, भूमि अधिग्रहण की स्थिति और निर्माण में आ रही बाधाओं पर गहन चर्चा हुई। सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता किए बिना निर्धारित समय में पूरे किए जाएं।

दीघा से कोईलवर तक बढ़ेगा जेपी गंगा पथ

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जेपी गंगा पथ का विस्तार दीघा से कोईलवर तक किया जा रहा है। लगभग 35.65 किलोमीटर लंबे इस फोरलेन प्रोजेक्ट पर करीब 6,495 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह सड़क दीघा, शेरपुर और बिहटा होते हुए कोईलवर में गंगा पर बने नए पुल के पहुंच पथ तक विकसित की जाएगी, जिससे पटना और भोजपुर क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नया आयाम मिलेगा।

बख्तियारपुर–ताजपुर पुल पर तेजी के निर्देश

गंगा नदी पर निर्माणाधीन बख्तियारपुर (करजान)–ताजपुर (समस्तीपुर) पुल की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुल निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि जल्द से जल्द इसे आम जनता के लिए खोला जा सके। इस पुल के चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन काफी आसान होगा।

6 लेन गंगा ब्रिज और अन्य परियोजनाएं

बैठक में 19.76 किलोमीटर लंबे 6 लेन गंगा ब्रिज की कार्य प्रगति पर भी चर्चा हुई। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 4,998.4 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा पटना साहिब स्टेशन से पटना घाट तक 1.55 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की समीक्षा हुई, जिसकी लागत 52.54 करोड़ रुपये तय की गई है।

शहरी यातायात को मिलेगा नया विकल्प

सचिव ने बताया कि मीठापुर–सिपारा और महुली–पुनपुन (4.3 किमी) परियोजना पर काम जारी है। वहीं, एसएच-106 (पुराना एनएच-30) के दीदारगंज–फतुहा–बख्तियारपुर–करजान मार्ग को चार लेन में चौड़ा करने की योजना से पटना–बख्तियारपुर क्षेत्र को नई रफ्तार मिलेगी। 41.270 किलोमीटर लंबी यह परियोजना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है, जिसे शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

पटना शहर में नई कनेक्टिविटी पर फोकस

समीक्षा बैठक में पटेल गोलंबर से इको पार्क के पश्चिमी और पूर्वी छोर होते हुए अटल पथ तक सर्पेन्टाइन नाले पर भूमिगत नाला सहित 4 लेन सड़क निर्माण, तथा नेहरू पथ को दोनों ओर से पाटली पथ से जोड़ने वाले कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

आरओबी परियोजनाओं की भी समीक्षा

इसके साथ ही राज्य की प्रमुख रेलवे ओवरब्रिज (ROB) परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। विशेष रूप से बख्तियारपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप 2 लेन आरओबी सहित अन्य योजनाओं में आ रही समस्याओं को शीघ्र दूर करने और समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सचिव पंकज कुमार पाल ने दो टूक कहा कि परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता से जुड़ी इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *