:
Breaking News

रिश्वत लेते ही फंसे जिला कृषि पदाधिकारी, निगरानी की ट्रैप कार्रवाई में गिरफ्तारी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मुजफ्फरपुर: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी सख्त मुहिम के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी शहर के चर्च रोड स्थित उनके किराए के आवास से की गई।
मामला कृषि विभाग में कार्यरत एक संविदा कर्मी के पुनर्नियोजन से जुड़ा है। पीड़ित कर्मी का आरोप है कि नौकरी जारी रखने और सेवा विस्तार के बदले उससे मोटी रकम की मांग की जा रही थी।

नौकरी बचाने के लिए बेचनी पड़ी गाड़ी

निगरानी विभाग के अनुसार, परिवादी संतोष कुमार से कुल दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। मजबूरी में उसने बैंक से कर्ज लिया, पत्नी के गहने गिरवी रखे और अपनी गाड़ी बेचकर पहले ही 1 लाख 81 हजार रुपये आरोपी अधिकारी को दे दिए थे। इसके बावजूद बचे हुए 19 हजार रुपये के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर संतोष कुमार ने 11 दिसंबर को पटना स्थित निगरानी कार्यालय में लिखित शिकायत दी। सत्यापन के बाद विशेष टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया गया। शनिवार को जैसे ही शेष राशि दी गई, टीम ने मौके पर ही जिला कृषि पदाधिकारी को गिरफ्तार कर लिया।

कई पदों का अतिरिक्त प्रभार

गिरफ्तार अधिकारी के पास जिला कृषि पदाधिकारी के साथ-साथ परियोजना निदेशक (आत्मा) और सहायक निदेशक (शस्य) तिरहुत प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी था।

निगरानी विभाग का बयान

निगरानी डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि इस मामले में निगरानी थाना कांड संख्या 03/26 दर्ज कर ली गई है। आरोपी के आवास की तलाशी ली जा रही है और दस्तावेजों की जांच जारी है। आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद कृषि विभाग में हड़कंप मच गया है और राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीति को लेकर एक बार फिर संदेश गया है कि रिश्वतखोरी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *