:
Breaking News

बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड: तकनीकी सबूतों से शिकंजा कस रही पुलिस, स्पीडी ट्रायल की तैयारी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मोहम्मद आलम

समस्तीपुर में हुए चर्चित बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंचती दिख रही है। नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर स्थित बैंक से 7 मई को हुई करोड़ों की लूट के मामले में पुलिस ने न सिर्फ बदमाशों की धरपकड़ तेज कर दी है, बल्कि अब वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के सहारे कोर्ट में मजबूत केस खड़ा करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है।
अब तक इस हाईप्रोफाइल लूटकांड में 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनकी संलिप्तता पुख्ता करने के लिए फोटो अन्वेषण ब्यूरो की टीम मंडल कारा पहुंची और जेल में बंद बदमाशों की फोटोग्राफी कराई। इन तस्वीरों का मिलान घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज से किया जा रहा है, ताकि किसी भी स्तर पर सबूत कमजोर न पड़ें।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक जिन आरोपियों की तस्वीरों का मिलान किया गया है, उनमें अधिकांश मामलों में परिणाम पूरी तरह से सकारात्मक आए हैं। इससे यह स्पष्ट हुआ है कि गिरफ्तार बदमाश ही लूट की वारदात में सक्रिय भूमिका में थे। वहीं फरार या हाल में गिरफ्तार हुए चंदू पासवान और बैजनाथ राय की फोटोग्राफी के लिए भी फोटो अन्वेषण ब्यूरो की टीम जल्द ही दोबारा मंडल कारा जाएगी।
पूरे मामले की तकनीकी जांच पटना स्थित अत्याधुनिक लैब में कराई जा रही है। जांच पूरी होते ही पुलिस के पास ऐसे वैज्ञानिक साक्ष्य होंगे, जिन्हें अदालत में प्रस्तुत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकेगी।
बरामदगी की बात करें तो पुलिस अब तक 3 किलो 485 ग्राम 186 मिलीग्राम सोने के आभूषण बरामद कर चुकी है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही 2 लाख 19 हजार 200 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। हालांकि अब भी लगभग 6.26 किलोग्राम सोना, जिसकी कीमत करीब साढ़े छह करोड़ रुपये आंकी जा रही है, और करीब साढ़े बारह लाख रुपये नकद की बरामदगी बाकी है।
इस मामले को लेकर समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि फोटो अन्वेषण ब्यूरो की जांच में अब तक सकारात्मक नतीजे सामने आए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का लक्ष्य सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, बल्कि कोर्ट में ऐसे पुख्ता सबूत पेश करना है, जिससे आरोपियों को सजा दिलाई जा सके। इसी उद्देश्य से मामले में स्पीडी ट्रायल चलाने की भी तैयारी की जा रही है।
एसपी ने यह भी कहा कि तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के सहारे केस को हर स्तर पर मजबूत किया जा रहा है, ताकि कोई भी आरोपी कानूनी खामियों का फायदा उठाकर बच न सके।
लगातार हो रही कार्रवाई और जांच में मिल रही सफलता से यह साफ है कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड को अंजाम तक पहुंचाने के लिए समस्तीपुर पुलिस पूरी तरह गंभीर है। आने वाले दिनों में कोर्ट में ठोस साक्ष्यों के साथ इस मामले की सुनवाई तेज होने की उम्मीद है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *