:
Breaking News

वैशाली में पुलिस पर ही गिरी गाज, लालगंज थानाध्यक्ष व दरोगा लाइन हाजिर

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

वैशाली जिले में पुलिस महकमे को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। लालगंज थाना क्षेत्र में चोरी के एक केस में जब्त आभूषण और नकदी को छिपाने के गंभीर आरोपों के बाद थानाध्यक्ष संतोष कुमार और दरोगा सुमन जी झा को निलंबित करते हुए लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस कार्रवाई की पुष्टि सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने की है।
पूरा मामला दो दिन पहले उस वक्त उजागर हुआ, जब सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस प्रकरण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लालगंज थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के बिलनपुर गांव में रामप्रीत सहनी के घर चोरी का सामान रखा गया है और उसका बंटवारा किया जा रहा है।
सूचना के सत्यापन और वरीय अधिकारियों के निर्देश के बाद थानाध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस बल के साथ बिलनपुर गांव में छापेमारी की गई। पुलिस वाहन देखते ही पांच-छह संदिग्ध मौके से फरार हो गए, जिन्हें पुलिस पकड़ नहीं सकी। हालांकि, छापेमारी के दौरान रामप्रीत सहनी की पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में महिला ने खुलासा किया कि उसका पति अपने साथियों के साथ मिलकर लालगंज थाना क्षेत्र के गंज इलाके में लगातार चोरी और घर में घुसकर वारदातों को अंजाम देता रहा है। पुलिस के अनुसार, हालिया चोरी के एक मामले में पीड़ित गृहस्वामी ने अपने सामान की पहचान कर ली है, जबकि अन्य बरामद वस्तुओं की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस पर गंभीर आरोप, जांच में खुली पोल
इसी बीच आरोपी रामप्रीत सहनी के रिश्तेदार गेना लाल सहनी ने पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर से 50 से 60 लाख रुपये नकद, करीब 2 किलो सोना और 6 किलो चांदी उठा ली, लेकिन इस सामान को जब्ती सूची में दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि गांव के कई लोगों ने पुलिस को सामान ले जाते हुए देखा था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच में आरोपों को गंभीर मानते हुए लालगंज थानाध्यक्ष और संबंधित दरोगा के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। फिलहाल पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है और आगे और भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *