:
Breaking News

पछुआ हवा और कोहरे ने बढ़ाई ठिठुरन, पटना समेत कई जिलों में स्कूल बंद

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।बिहार में ठंड ने एक बार फिर अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। दिसंबर के अंत और नए साल की शुरुआत में जहां 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश जिलों में धूप निकलने से तापमान में 5 से 6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई थी और लोगों को कुछ राहत मिली थी, वहीं 3 जनवरी से मौसम ने अचानक करवट ले ली।
शनिवार से प्रदेश में फिर से कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। तापमान में 5 से 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने अपने पूर्व निर्णय में बदलाव करते हुए प्ले स्कूल, आंगनबाड़ी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी शिक्षण संस्थानों को 8 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।
पटना जिलाधिकारी ने 3 जनवरी की देर शाम आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि 4 जनवरी से 8 जनवरी तक सभी प्ले स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और कक्षा 8 तक के स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, कक्षा 8 से ऊपर के शैक्षणिक संस्थान सीमित समय में संचालित होंगे, जिन्हें सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खोलने का निर्देश दिया गया है।
लगातार बदलते फैसले, ठंड बनी वजह
गौरतलब है कि इससे पहले जिला प्रशासन ने ठंड को देखते हुए 23 से 26 दिसंबर तक स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया था। ठंड कम न होने पर 27 से 30 दिसंबर और फिर 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक भी सभी स्कूल बंद रखे गए।
2 जनवरी को मौसम में थोड़ी नरमी आने और धूप निकलने के बाद प्रशासन ने प्ले स्कूल से लेकर कक्षा 5 तक के स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद रखने का फैसला लिया था। लेकिन शनिवार को अचानक ठंड बढ़ने के बाद एक बार फिर निर्णय बदलते हुए 8 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का आदेश जारी करना पड़ा।
पछुआ हवा और बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन
मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर बिहार के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। राज्य में ठंडी पछुआ हवा करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई है।
रविवार 4 जनवरी को भी पटना सहित राज्य के अधिकांश जिलों में सर्द हवा के साथ कड़ाके की ठंड बनी रहने की संभावना है। कई जिलों में दिनभर धूप नहीं निकलने के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
पटना समेत 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार सुबह पटना सहित 5 जिलों में अत्यधिक कुहासा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पटना के अलावा नालंदा, जहानाबाद, शेखपुरा और लखीसराय शामिल हैं।
वहीं राज्य के 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, गया, नवादा, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार शामिल हैं।
कोहरे का असर सुबह 10 से 11 बजे तक रहने की संभावना जताई गई है।
तापमान में भारी गिरावट, शीतलहर जैसे हालात
शनिवार को पटना समेत कई जिलों में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। दिनभर धूप नहीं निकलने और तेज सर्द हवा के कारण शीतलहर जैसी स्थिति बनी रही।
पटना का अधिकतम तापमान 5.2 डिग्री की गिरावट के साथ 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
राज्य में शनिवार को 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द पछुआ हवा चली। दिन के तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट देखी गई।
राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बांका और डेहरी (सासाराम) में 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान मधुबनी में 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो भागलपुर के सबौर में 6.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, कुहासे के कारण फारबिसगंज में दृश्यता मात्र 50 मीटर तक सिमट गई।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *