:
Breaking News

30 साल देश की सेवा, गांव ने सिर-माथे बिठाया

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

रिटायर आर्मी कैप्टन मनोज सिंह का अमरा गांव में भव्य स्वागत

गया।बिहार के गया जिले के मानपुर प्रखंड अंतर्गत अमरा गांव निवासी सेवानिवृत्त आर्मी कैप्टन मनोज सिंह के गांव लौटने पर पूरे इलाके में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। भारतीय सेना में 30 वर्षों तक सेवा देने के बाद जब कैप्टन मनोज सिंह अपने पैतृक गांव पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उन्हें सम्मान और गर्व के साथ फूल-मालाओं से लाद दिया। बैंड-बाजे पर देशभक्ति धुनें बजती रहीं और लोगों का लंबा काफिला कई किलोमीटर तक उनके साथ पैदल चलता रहा।

 गांव-गांव गूंजा सम्मान

कैप्टन मनोज सिंह के स्वागत के लिए अमरा गांव ही नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों से भी सैकड़ों लोग मानपुर बाजार में जुटे। उनके माता-पिता शांति देवी और सिद्धेश्वर सिंह भी बेटे को आशीर्वाद देने पहुंचे। मानपुर बाजार से अमरा गांव तक पूरा रास्ता तिरंगे, फूलों और जयघोष से सराबोर रहा। ग्रामीणों ने इसे गांव के लिए गर्व का क्षण बताया।

कारगिल जैसे अभियानों में निभाई भूमिका

जानकारी के अनुसार, कैप्टन मनोज सिंह ने अपने सैन्य करियर के दौरान ऑपरेशन कारगिल समेत कई महत्वपूर्ण अभियानों में हिस्सा लिया। 30 वर्षों की सेवा अवधि में उन्होंने विभिन्न मोर्चों पर जिम्मेदारियां निभाईं और भारतीय सेना में अनुशासन व समर्पण की मिसाल कायम की।

 भावुक हुए कैप्टन मनोज सिंह

ऐसे भव्य स्वागत से कैप्टन मनोज सिंह भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि देश की सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य रहा है। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना में 30 वर्षों का कार्यकाल पूरा करना आसान नहीं होता, लेकिन उन्हें यह अवसर मिला, जिसे वह अपने जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि मानते हैं।

 युवाओं को दिया संदेश

पत्रकारों से बातचीत में कैप्टन मनोज सिंह ने युवाओं से अपील की कि वे अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का आधार बनाएं। उन्होंने बताया कि वर्ष 1995 में भारतीय सेना में चयन के बाद से उनका पूरा जीवन देश के नाम समर्पित रहा।उन्होंने कहा,30 साल बाद सेना से सेवानिवृत्त होकर गांव लौटा हूं। जिस तरह से गांव के लोगों ने स्वागत किया, वह मेरे लिए बेहद भावुक और गर्व का क्षण है। देश की सेवा करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। मैं चाहता हूं कि आज की युवा पीढ़ी अनुशासन और राष्ट्रवाद के मार्ग पर चले।”

 गांव के लिए गौरव का पल

कैप्टन मनोज सिंह की सेवानिवृत्ति और भव्य स्वागत को ग्रामीणों ने अमरा गांव के इतिहास का यादगार दिन बताया। लोगों का कहना है कि ऐसे सपूत नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं, जिन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा देश की रक्षा में समर्पित कर दिया।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *