भागलपुर जनसंवाद में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का बड़ा बयान, अफसरों को भी दी कड़ी चेतावनी
भागलपुर:बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को अपने ही विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा और सख्त बयान दिया। भागलपुर में आयोजित भूमि से जुड़े जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में दलालों का बोलबाला बढ़ गया है और कई स्तरों पर उन्होंने विभाग को अपने कब्जे में ले रखा है। डिप्टी सीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि वे इस व्यवस्था को खत्म करने आए हैं और अब विभाग में दलालों के लिए कोई जगह नहीं बचेगी।
“दलालों का होगा सफाया”
विजय सिन्हा ने मंच से स्पष्ट कहा कि राजस्व विभाग आम जनता की सेवा के लिए है, न कि बिचौलियों और दलालों के लिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि विभाग में सक्रिय सभी दलालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना था कि जमीन और राजस्व से जुड़े मामलों में आम लोगों को वर्षों तक भटकना पड़ता है, जिसकी सबसे बड़ी वजह यही दलाली व्यवस्था है।
अधिकारियों को सख्त संदेश
डिप्टी सीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को भी स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी ईमानदारी से काम करेंगे, उन्हें पूरा संरक्षण मिलेगा, लेकिन जो लोग दलालों से सांठगांठ कर काम करेंगे या लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ बिना किसी संकोच के कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अब संभलने का वक्त है और कार्यशैली में सुधार अनिवार्य है।
जनसंवाद में ऑन-द-स्पॉट समाधान
सोमवार को भागलपुर के टाउन हॉल में आयोजित भूमि सुधार जन कल्याण संवाद में बड़ी संख्या में लोग अपनी जमीन से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे। विजय सिन्हा ने स्वयं फरियादें सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। इससे आम लोगों में यह संदेश गया कि सरकार अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि त्वरित कार्रवाई के मूड में है।
जिलों में लगातार जनसंवाद
विजय सिन्हा इन दिनों राज्य के विभिन्न जिलों में जनसंवाद कर रहे हैं। उनका उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित निवारण करना और राजस्व विभाग की खामियों को जमीनी स्तर पर समझकर उन्हें दूर करना है। जनसंवाद के दौरान लापरवाही सामने आने पर अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई भी की जा रही है, जिससे विभाग में हलचल तेज हो गई है।
अफसरों के साथ समीक्षा बैठक
जनसंवाद के बाद डिप्टी सीएम ने समीक्षा भवन में अधिकारियों के साथ बैठक करने की बात कही, जहां लंबित मामलों की गहन समीक्षा कर उन पर नकेल कसने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आम लोगों की जमीन पर नजर रखने वालों को अब पीछे हटना होगा और सरकार उनकी हरकतों को बर्दाश्त नहीं करेगी।
सख्त कानून और हेल्पलाइन का एलान
विजय सिन्हा ने यह भी जानकारी दी कि विभागीय हेल्पलाइन पहले ही जारी की जा चुकी है, ताकि लोग सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में भूमि और राजस्व मामलों को लेकर और भी सख्त कानून बनाए जाएंगे, जिससे दलालों और भ्रष्ट तत्वों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।